
Gujarat Navratra : गरबों में मातृशक्ति की सुरक्षा के लिए तैनात रहेगा बजरंग दल
हिम्मतनगर. साबरकांठा जिले के हिम्मतनगर स्थित बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर में रविवार को आजादी का अमृत महोत्सव के तहत विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के साबरकांठा विभाग की ओर से युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के वरिष्ठ नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के विरुद्ध जब से कार्रवाई शुरू की गई है, तब से सभी इस्लामिक आतंकवाद फैलाने वाले जेहादी तत्वों में घबराहट मची हुई है। गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए दिल्ली से कुछ राजनीतिक दलों के नेता यहां आकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन, गुजरात की जनता बहुत ही समझदार है और वह इन लोगों के बहकावे में आने वाली नहीं है। यहां के मतदाता बहुत दूर तक सोच समझकर मतदान करते हैं। चुनावी मौसम में जो लोग दिल्ली या कहीं और से आकर गुजरात के मतदाताओं को अपने भ्रम में फसाने का प्रयास कर रहे हैं, यहां की जनता उन्हें खाली हाथ फिर से वापस दिल्ली भेज देगी। दिल्ली में विकास के नाम पर भ्रष्टाचार करने वाली और आधुनिक स्कूलों की बात करने वाली आम आदमी पार्टी (आप) के रेवड़ी बांटने वाली घोषणाओं के बहकावे में भी यहां की जनता नहीं आने वाली है।
नवरात्र में बजरंग दल को जिम्मेदारी
विहिप नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्र हित में कई अहम फैसले किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से कहीं जाने वाली बातों की पूरी दुनिया में सराहना हो रही है। एनआईए की ओर से जिस तरह से पीएफआई की सघन जांच हो रही है, इससे जेहादी तत्वों में भगदड़ मची हुई है। उन्होंने कहा कि नवरात्र शुरू होने जा रहा है और यहां पर कई स्थानों पर विशाल स्तर पर गरबे का आयोजन होता है। इसमें काफी संख्या में हमारी मातृ शक्ति भी एकत्र होती है। इनकी देखरेख के लिए बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में साबरकांठा जिला भाजपा अध्यक्ष जे.डी पटेल, उत्तर गुजरात के प्रांत अध्यक्ष नलिन पटेल, गोपाल सिंह राठौड़, महंत सुनील दास, हितेश पटेल, हिरेन गौर सहित अग्रणी उपस्थित रहे।
Updated on:
25 Sep 2022, 10:04 PM IST
Published on:
25 Sep 2022, 10:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.