30 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Gujarat: विधानसभा चुनाव में पीएम नरेंद्र मोदी को टार्गेट नहीं करेगी कांग्रेस

Gujarat assembly, election, PM modi, target, congress: भाजपा सरकार की नीतियों पर बरसेगी, प्रदेश के नेताओं को घेरेगी, आला कमान का भी है निर्देश, प्रदेश कांग्रेस ने बनाई नई रणनीति कांग्रेस ने बीते चुनाव परिणामों से लिया सबक
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अहमदाबाद

•

image

Pushpendra Rajput

•

Updated: 11 Jul 2022, 6:02 PM IST

Gujarat:  विधानसभा चुनाव में पीएम नरेंद्र मोदी को टार्गेट नहीं करेगी कांग्रेस

Gujarat: विधानसभा चुनाव में पीएम नरेंद्र मोदी को टार्गेट नहीं करेगी कांग्रेस

गांधीनगर. गुजरात में इस साल के अंत में होने प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने इस बार अन्य चुनावों की तुलना में अलग रणनीति बनाई है। पिछले चुनावों से सबक लेते हुए कांग्रेस ने इस बार निर्णय किया है कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को टार्गेट नहीं करेगी। उनकी जगह गुजरात के भाजपा सरकार के शासन, उनकी नीतियों और प्रदेश स्तरीय नेताओं की घेराबंदी करेगी। दिल्ली आलाकमान से भी प्रदेश के कांग्रेसी नेताओं को यही निर्देश मिले हैं।
गुजरात में कांग्रेस दो दशकों से भी ज्यादा समय से सत्ता से बाहर है। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने काफी मशक्कत की थी और सत्ता के काफी करीब तक पहुंच भी गई थी। ऐसे में इस बार कांग्रेस प्रदेश की सत्ता हासिल करने को लेकर पुख्ता और अन्य चुनावों से अलग रणनीति पर काम कर रही है।

पिछले चुनावों में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश स्तर के नेता हों या आला नेता हमेशा गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री और मौजूदा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को प्रचार के दौरान टार्गेट किया जाता था। जिसका खामियाजा चुनाव में कांग्रेस को हार के रूप में भुगतना पड़ा। मोदी के प्रति गुजरात के लोगों का एक अलग ही जुड़ाव और मत है। ऐसे में अब कांग्रेस पार्टी को लगता है कि इस बार के गुजरात विधानसभा चुनाव में मोदी से इतर गुजरात भाजपा के स्थानीय नेताओं की घेराबंदी की जाए तो परिणाम बेहतर मिल सकते हैं।

बीते चुनावों की तुलना में पार्टी के नेताओं का मानना है कि इस बार गुजरात में भाजपा के पास कोई मजबूत नेता नहीं है। ऐसे में चुनाव प्रचार में पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का टार्गेट करने की जगह भाजपा के स्थानीय नेताओं की घेराबंदी करेगी।

टास्क फोर्स की बैठक में लगी मुहर

गुजरात प्रदेश कांग्रेस के विश्वस्त सूत्रों का कहना है कि हाल ही में नई दिल्ली में हुई पार्टी की टास्कफोर्स की बैठक में भी इस निर्णय पर मुहर लगी है कि चुनावों में पीएम मोदी को टार्गेट नहीं किया जाएगा। उसकी जगह भाजपा के प्रदेश स्तरीय नेताओं को घेरा जाएगा। प्रदेश भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर किया जाएगा। पार्टी स्थानीय मुद्दों, समस्याओं को उजागर करेगी। प्रियंका गांधी वाड्रा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं वाली कांग्रेस की टास्क फोर्स ने विधानसभा चुनावों को लेकर यह बैठक बुलाई थी। पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर से गठित टास्क फोर्स में पूर्व केन्द्रीय मंत्री पी चिदंबरम, वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक, के.सी. वेणुगोपाल व रणदीप सिंह सुरजेवाला हैं। बैठक में गुजरात कांग्रेस के प्रभारी रघु शर्मा, गुजरात इकाई के अध्यक्ष जगदीश ठाकोर, गुजरात विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुखराम राठवा, कांग्रेस के दो पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया, अमित चावड़ा और प्रवक्ता मनीष दोशी भी मौजूद रहे थे।

मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं करेगी कांग्रेस
गुजरात प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता डॉ.मनीष दोशी ने कहा कि कांग्रेस अपनी परंपरा के मुताबिक इस बार के विधानसभा चुनाव में भी मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं करेगी। जो विधायक होंगे, वे ही सीएम के बारे में निर्णय करेंगे। कांग्रेस पार्टी स्थानीय मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ेगी, जिसमें भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर किया जाएगा।

अक्टूबर-नवम्बर में हो सकती चुनाव की घोषणा
गुजरात में इस वर्ष अक्टूबर या नवम्बर में विधानसभा चुनाव की घोषणा हो सकती है। गुजरात विधानसभा में १८२ सीटें हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई हैं। इस बार तीसरे दल के तौर पर 'आम आदमी पार्टीज् (आप) भी मैदान में दमदार तरीके से उतरेगी। जिससे चुनाव अन्य चुनावों की तुलना में काफी दिलचस्प होगा।