अहमदाबाद. पाटीदारों को आरक्षण, गुजरात के किसानों की संपूर्ण कर्ज माफी और पास संयोजक अल्पेश कथीरिया की जेल से रिहाई की मांगों को लेकर हार्दिक पटेल का अनशन सोमवार को लगातार १७वें दिन भी जारी रहा। पाटीदार नेता से मिलने उनका भाई रवि पटेल सोमवार को ग्रीनवुड रिसोर्ट में उनके घर पहुंचा था, लेकिन पुलिस ने अन्य पाटीदारों की तरह उन्हें भी जाने से रोक दिया। रवि के अंदर जाने की कोशिश के बावजूद जब प्रवेश नहीं मिला और यह बात जब हार्दिक तक पहुंची तो वह खुद अनशन स्थल से उठकर अपने भाई रवि को लेने के लिए ग्रीनवुड रिसोर्ट के मुख्य प्रवेश द्वार तक कार से आए।
पुलिस की ओर से भाई को रोके जाने पर हार्दिक ने पुलिसकर्मियों के समक्ष कड़े शब्दों में नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि उनके परिवारवालों को नहीं रोका जाए। उधर पुलिसकर्मी भी इस मामले पर सफाई देते नजर आए। सोमवार को विधायक व दलित नेता जिगनेश मेवाणी ने भी हार्दिक पटेल से मुलाकात की।