
Ahmedabad. केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 15 फरवरी से 18 मार्च के दौरान ली गई 10वीं, 12वीं की बोर्ड परीक्षा का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया। इसमें केन्द्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) अहमदाबाद संभाग (क्षेत्रीय कार्यालय) के केन्द्रीय विद्यालयों का 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा का परिणाम 98.52 प्रतिशत रहा। 12वीं कक्षा के बोर्ड परीक्षा के विद्यार्थियों का परिणाम 98.26 प्रतिशत रहा।
केवीएस अहमदाबाद संभाग के आधिकारिक सूत्रों के तहत संभाग के 47 केन्द्रीय विद्यालयों के 3177 विद्यार्थियों ने 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा दी थी। इसमें से 3130 पास हुए और परिणाम 98.52 प्रतिशत रहा। 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा वाले 42 केन्द्रीय विद्यालयों में 2131 विद्यार्थियों में से 2094 उत्तीर्ण हुए हैं। परिणाम 98.26 प्रतिशत रहा।
केवीएस अहमदाबाद संभाग के 47 केन्द्रीय विद्यालयों में से 34 केन्द्रीय विद्यालयों का 10वीं कक्षा का बोर्ड परिणाम शत-प्रतिशत रहा। 12वीं कक्षा के 42 में से 27 केन्द्रीय विद्यालयों का परिणाम सौ फीसदी रहा।
सूत्रों के तहत केवी अहमदाबाद संभाग के स्कूलों में वाणिज्य संकाय में केवी शाहीबाग एक की छात्रा नव्या दफ्तरी 94.2 प्रतिशत के साथ संभवत: पूरे संभाग में प्रथम स्थान पर रही। मानविकी संकाय में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 अहमदाबाद कैंट की छात्रा ईशिका चौधरी 98.2 प्रतिशत के साथ संभवत: प्रथम स्थान पर रही। विज्ञान संकाय में केंद्रीय विद्यालय वडोदरा का छात्र आर्य राकेश पांडे तथा केंद्रीय विद्यालय ओएनजीसी चांदखेड़ा का छात्र अमर पांडे दोनों के 97.1% अंकों के साथ संभवतया अव्वल रहे। कक्षा 10 में केंद्रीय विद्यालय सेक्टर 30 गांधीनगर के छात्र मो.यूसुफ खान तथा केवी क्रमांक एक बड़ौदा के हर्षिल शाह दोनों 99.2 प्रतिशत के साथ पूरे अहमदाबाद संभाग के केवी स्कूलों में संभवत: प्रथम रहे। केन्द्रीय विद्यालय शाहीबाग नंबर 1 का कक्षा 12 वीं का परिणाम 95.12% तथा कक्षा 10 का परिणाम 98.97 प्रतिशत रहा।
केन्द्रीय विद्यालय ओएनजीसी चांदखेड़ा का 10वीं, 12वीं दोनों ही कक्षाओं का बोर्ड परीक्षा का परिणाम शत प्रतिशत रहा। 12वीं में 61 और 10वीं बोर्ड में 103 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, सभी उत्तीर्ण हुए हैं। 12वीं विज्ञान संकाय में छात्र अमर पंड्या 97 फीसदी अंक के साथ स्कूल में पहले स्थान पर रहा, जबकि 10वीं कक्षा में 95.6 फीसदी अंक के साथ प्रियांशी प्रकाश स्कूल में अव्वल रही।
शहर के एक स्कूल के छात्र प्रनित माथुर ने 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में 98.6 प्रतिशत अंक पाए।राजस्थान के श्रीगंगानगर मूल के प्रनित ने गणित व आईटी विषय में 100 अंक, विज्ञान, अंग्रेजी व सामाजिक विज्ञान में क्रमश: 99, 97 व 97 अंक प्राप्त किए। वह दिसंबर 2024 में रोमानिया में आयोजित इंटरनेशनल जूनियर साइंस ओलंपियाड में पहला स्थान पा चुका है। अभी गणित के सीनियर ओलंपियाड के लिए चेन्नई में राष्ट्रीय कैंप में है। उनके पिता विकास माथुर एनएसआईसी अहमदाबाद ब्रांच में डीजीएम हैं।
Updated on:
13 May 2025, 10:42 PM IST
Published on:
13 May 2025, 10:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.