अहमदाबाद. बाजार में डिजाइनर वस्त्रों की आज कमी नहीं है, लेकिन आप जो डिजाइनर वस्त्र पहनते हैं शायद ही उसके पीछे की कहानी आपको पता होगी, लेकिन राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) गांधीनगर के दो विद्यार्थी कहानियों पर आधारित वस्त्र डिजाइन कर रहे हैं। उन कहानियों को भी बता रहे हैं।
वर्ष २०१८ और २०१९ में निफ्ट गांधीनगर से बेचलर ऑफ डिजाइन (बीडिजाइन) की डिग्री प्राप्त करने वाले छात्र विवेक पुजारी और दिव्या शर्मा के इस विचार और पहल को देखते हुए आईआईटी गांधीनगर के रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क में जगह उपलब्ध कराई गई है। जहां पर दोनों ही विद्यार्थी 'स्वकथा' नाम के स्टार्टअप के जरिए ऑनलाइन ही कहानियों पर आधारित वस्त्रों को डिजाइन करके उसे बेच रहे हैं। बीते छह महीने से वे यह स्टार्टअप चला रहे हैं और उन्हें अच्छा प्रतिभाव भी मिल रहा है।
उत्तराखंड निवासी विवेक और मथुरा निवासी दिव्या बताती हैं कि निफ्ट में पढ़ाई के दौरान सहपाठियों से बातचीत करने के दौरान कहानियों पर आधारित वस्त्र तैयार करने का विचार आया। जिसमें दोनों ने स्टार्टअप शुरू किया। आईआईटी गांधीनगर में ऑफिस मिली है और यहां स्थित टिंकरिंग लैब में वे थ्री डी तकनीक के जरिए वस्त्रों को डिजाइन करते हैं।
विवेक बताते हैं कि उनके डिजाइन किए वस्त्र की विशेषता यह है कि वे किसी न किसी कहानी पर आधारित होते हैं। वह कहानी देश के किसी प्रदेश, कस्बे, गांव से जुड़ी होती है। उस कहानी को भी वे अपनी वेबसाइट पर अपलोड करते हैं। उतने ही वस्त्र डिजाइन करते हैं जितने ग्राहकों की मांग होती है। सर्वाधिक स्रग और ड्रेस की मांग है। इन कपड़ों को ऐसी जगह तैयार कराते हैं जहां पर नीतिनियमों की पालना की जाती है।