
प्रतीकात्मक तस्वीर
राजकोट। राजकोट ग्रामीण जिले के पाटणवाव पुलिस थाना क्षेत्र के मोटीमारड़ गांव के एक खेत में दोहरी हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। प्रेम संबंध का बदला लेने की नीयत से एक सिरफिरे प्रेमी ने अपनी पूर्व प्रेमिका और उसके पति की लोहे की पाइप से हत्या की थी। राजकोट ग्रामीण पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाकर आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सुरेश बारिया मूल रूप से गुजरात के दाहोद जिले के सिंगवड़ तहसील के मलेकपुर गांव का रहने वाला है और पिछले चार-पांच साल से मोटीमारड़ गांव में खेत पर मजदूरी करता था। इसी दौरान पड़ोस के खेत में काम करने वाले किसान की बेटी दुर्गा से पिछले तीन साल से उसका प्रेम संबंध था। हालांकि पारिवारिक कारणों से दोनों की शादी नहीं हो सकी और करीब डेढ़ साल पहले दुर्गा का विवाह रोहित से हो गया।
प्रेमिका की शादी किसी और से होने के बाद सुरेश मन ही मन गुस्से और बदले की भावना से भरा हुआ था। 13-14 जुलाई की रात मोटीमारड़-जूनागढ़ मार्ग पर स्थित रमेश भूत के खेत में यह दोहरा हत्याकांड हुआ था। दरअसल दुर्गा के पिता किसी काम से मध्यप्रदेश गए हुए थे। इसी दौरान खेत में कपास की फसल पर दवा छिड़कने के लिए दुर्गा और उसका पति रोहित वहां पहुंचे। उन्होंने खेत मालिक की अनुमति से बाहर से दो मजदूरों को दवा छिड़कने के काम के लिए बुलाया था, जिनमें पड़ोस के खेत में काम करने वाला सुरेश भी शामिल था।
दिन के समय जब सुरेश ने अपनी पूर्व प्रेमिका दुर्गा को उसके पति रोहित के साथ खुशहाल देखा, तो दोनों की हत्या की साजिश रची। रात के अंधेरे में सुरेश लोहे की मजबूत पाइप लेकर खेत के कमरे में पहुंचा। वहां सो रहे दंपती पर उसने अचानक हमला कर दिया। सबसे पहले उसने रोहित के सिर पर पाइप से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पति को बचाने के लिए बीच में आई पूर्व प्रेमिका दुर्गा के सिर पर भी जानलेवा वार किए। सिर में गंभीर चोट लगने से दुर्गा की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
अगली सुबह जब खेत मालिक वहां पहुंचे तो दोनों के खून से लथपथ शव देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित सभी घरों और खेतों की गहन तलाशी ली। साथ ही आसपास के 10 किलोमीटर क्षेत्र में लगे सरकारी और निजी सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की गई।
Updated on:
19 Jul 2026 07:53 pm
Published on:
19 Jul 2026 07:53 pm
