26 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अजमेर में हाईटेक चोरी, नकली चेन साथ लेकर आए और 1.25 लाख रुपए की सोने की असली चेन ले उड़े

Gold Jewellery Theft: अजमेर में पुरानी मंडी क्षेत्र स्थित एक ज्वैलरी शोरूम में चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। खरीदारी के बहाने आए युवक-युवती ने कथित रूप से असली सोने की चेन निकाल उसकी जगह समान वजन की नकली चेन रख दी और लाखों रुपए की चेन लेकर फरार हो गए।
2 min read
Google source verification
Jewellery Showroom Theft

सीसीटीवी कैमरे में कैद चोरी के आरोपी, पत्रिका फोटो

Gold Jewellery Theft: अजमेर में पुरानी मंडी क्षेत्र स्थित एक ज्वैलरी शोरूम में चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। खरीदारी के बहाने आए युवक-युवती ने कथित रूप से असली सोने की चेन निकाल उसकी जगह समान वजन की नकली चेन रख दी और लाखों रुपए की चेन लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि दुकान बंद करते समय स्टॉक का वजन सामान्य मिला, जिससे चोरी का संदेह नहीं हुआ। अगले दिन जांच में सीसीटीवी में वारदात नजर आ गई।

सवा लाख रुपए की चेन चोरी

जानकारी के अनुसार अजमेर में पुरानी मंडी स्थित श्रीगोपाल ज्वैलर्स के संचालक अंकुश ने रिपोर्ट दी कि 23 जून शाम करीब साढ़े 7 बजे समुदाय विशेष का दम्पती बच्चों के साथ पहुंचा। उसने सोने की चेन खरीदने की इच्छा जताई। उन्होंने करीब 30-40 चेन देखीं और उन पर लगे टैग और वजन तथा अन्य विवरणों का बारीकी से निरीक्षण भी किया। इसी दौरान दोनों ने षड़यंत्रपूर्वक एक असली सोने की चेन निकाल ली, उसकी जगह समान वजन की नकली चेन डिब्बे में रख दी। चोरी गई चेन की कीमत एक से सवा लाख रुपए बताई जा रही है।

नहीं हुआ शक

अंकुश ने बताया कि रात को दुकान बंद करते समय नियमित स्टॉक मिलान में वजन सामान्य पाया गया। नकली चेन का वजन असली चेन के बराबर होने से किसी को कोई संदेह नहीं हुआ। अगले दिन सुबह विस्तृत जांच के दौरान चेन नकली होने का पता चला तो होश उड़ गए।

संदिग्ध दिखाई दी गतिविधियां

मामले की जानकारी मिलने पर शोरूम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में युवक-युवती की गतिविधियां भी संदिग्ध दिखाई दीं। अंकुश ने बताया कि चेन को गिराने, उठाने व वापस रखने का पूरा घटनाक्रम कैमरों में रिकॉर्ड हुआ है, जिससे चोरी की आशंका मजबूत हुई है। व्यापारी ने मामले की शिकायत सदर कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान व तलाश में जुटी हुई है। आस-पास के क्षेत्रों और बाजारों में भी फुटेज साझा किए जा रहे हैं।

व्यापारियों को किया सतर्क

ज्वैलरी व्यापारी अंकुश ने कहा कि बाजार के अन्य कारोबारियों को भी सतर्क रहने की जरूरत है। ज्वैलर्स का कहना है कि इस तरह की वारदात चोरी का नया तरीका है, इसमें समान वजन की नकली चेन रखकर असली पार कर ले गए। ऐसे में ग्राहकों को आभूषण दिखाते समय व स्टॉक मिलान करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।