
रज्जाक हत्याकांड में देशी पिस्टल बरामद करने वाली ब्यावर सदर थाना पुलिस टीम।
अजमेर/ब्यावर. ब्याज की रकम नहीं चुकाने पर एक युवक को जिंदगी से हाथ धोना पड़ गया। मौत से पहले इस युवक ने मूल रकम व ब्याज नहीं चुकाने की बात कई जगह कही बताई। इससे ब्याजखोर गुस्से में था। ऐसे में युवक को सबक सिखाने के लिए मौके की तलाश थी। एक खेत में ले जाकर पहले शराब पिलाई। फिर लटठ् से सिर पर हमला किया। उसके बाद देसी पिस्टल से गोली दागकर युवक को मौत के घाट उतार दिया था। हत्या के आरोपियों ने गिरफ्तारी के बाद पुलिस के सामने यह सच्चाई उगली है।
सदर थाना पुलिस ने युवक रज्जाक की हत्या में प्रयुक्त पिस्टल, कार व बाइक भी बरामद कर ली। वारदात को छिपाने के लिए शव के पीठ व छाती पर पत्थर बांधकर कुएं में डाल दिया था।
सदर थानाधिकारी सुरेन्द्रसिंह जोधा ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम जालिया निवासी रज्जाक की हत्या के आरोप में आमीर हुसैन उर्फ सांजू को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। आरोपी ब्याज पर पैसे उधार देने का काम करता है। आरोपित खलील हुसैन उर्फ पिन्टू गांव में ही किराणा की दुकान संचालित करता है।
घर जाकर साथ ले गया
घटना के दिन रज्जाक के घर पर होने की जानकारी मिलने पर खलील उसके घर पर गया। बाद में उसे अपने साथ लेकर गांव की हथाई पर आ गया, जहां पर रज्जाक का चचेरा भाई सिकन्दर भी मौजूद था। कुछ समय बाद गांव की हथाई पर आमीर हुसैन भी आ गया, जिसने दिखावे के तौर पर भाई खलील हुसैन को डांटा तो मौके पर मौजूद सिकन्दर अपने घर चला गया।
इसके बाद खलील हुसैन ने भाई की कार अपने पास रख ली। बाइक आमीर हुसैन को दे दी। खलील हुसैन मृतक को साथ लेकर शराब लेने के लिए दुर्गावास चौराहे पर गया, जहां से दो पव्वे शराब के लेकर वापस गांव आ गया था। रज्जाक को साथ साथ शराब पीने की बात कहकर सुनसान जगह स्थित खेत पर बने कुएं पर ले गया। यहां वारदात को अंजाम दिया।
ढोसला ले गए शव को...
रज्जाक की हत्या के बाद दोनो भाइयों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए कार में डालकर ढोसला स्थित खेत पर बने कमरे पर लेकर गए। यहां पर लाश को कमरे में रख दिया। दूसरे दिन रात्रि को दोनों भाई शव को लेने कार से गए। यहां से शव को जालिया प्रथम स्थित कुएं पर लेकर आ गए। यहां पर मृतक के कपड़े जलाकर शव की पीठ व छाती पर पत्थर बांधकर कुएं में डाल दिया था।
Published on:
13 Oct 2020 12:59 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
