
पार्टी ने टिकट की घोषणा नहीं की, लेकिन भर दिए नामांकन
ब्यावर. नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के दूसरे दिन दो ने नामांकन दाखिल किया। इसमें कांग्रेस से एक व भाजपा से एक उम्मीदवार थे। हालाकिं भाजपा व कांग्रेस की ओर से कोई अधीकृत सूची जारी नहीं की गई। दूसरे दिन 226 ने नामांकन फार्म लिए। एेसे में अब तक दो नामांकन दाखिल हुए और 423 ने नामांकन फार्म प्राप्त किए। आवेदन फार्म के लिए उपखंड अधिकारी कार्यालय परिसर में लोगों की दिनभर कतार लगी रही। चार जनों ने अमानत राशि भी जमा कराई।
निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी कार्यालय में दूसरे दिन भी नामांकन फार्म का वितरण हुआ। इसके लिए वहां पर अलग से काउन्टर लगाया गया। जहां दिनभर भीड़ लगी रही। निर्धारित समय दोपहर तीन बजे तक 226 आवदेन फार्म की बिक्री हुई। चार ने अमानत राशि जमा कराई। नामंाकन दाखिल करने के लिए वार्ड संख्या एक से पन्द्रह तक के लिए ब्यावर तहसीलदार रमेश बहडि़या, सोलह से तीस तक में मसूदा तहसीलदार प्रभात त्रिपाठी, इकतीस से पैतालीस में बिजयनगर तहसीलदार स्वाति झा व छियालीस से साठ तक में पीसांगन तहसीलदार किशनाराम चौधरी के अलग अलग चार काउन्टर लगाए। यहां पर वार्ड संख्या एक से भाजपा उम्मीदवार के रूप में जितेन्द्र शर्मा तथा वार्ड संख्या तेईस से कांग्रेस उम्मीदवार विमला जूनवाल ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी भी तैनात किए गए।
गौरतलब है कि पार्षद चुनाव के लिए नामांकन फार्म दाखिल करने की अन्तिम तिथि पांच नवम्बर है। नामांकन पत्रों की जांच ६ नवम्बर को होगी। आठ नवम्बर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नौ नवम्बर को चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा। मतदान 16 नवम्बर को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। सभापति पद के लिए लोकसूचना २० नवम्बर को जारी होगी। २१ नवम्बर तक नामांकन दाखिल होंगे। २२ नवम्बर को नामंाकन पत्रों की जांच होगी। २३ को नाम वापसी व चुनाव चिह्न का आवंटन होगा। २६ नवम्बर को सुबह दस बजे से अपराह्न दो बजे तक मतदान होगा। इसी दिन मतगणना होगी। उप सभापति पद के लिए मतदान २७ नवम्बर को होगा।
Updated on:
02 Nov 2019 04:26 pm
Published on:
02 Nov 2019 04:26 pm
