
college problem in exam
अजमेर/ब्यावर.
विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या संभाग के कॉलेज का सिरदर्द बढ़ा रही है। चाहे अजमेर हो या ब्यावर, किशनगढ़ अथवा अन्य शहरों के कॉलेज सभी विद्यार्थियों के अधिकाधिक नामांकन और फार्म भरने से परेशान हैं। संसाधनों की कमी कॉलेज के हाथ-पैर फुला रही है। ब्यावर के राजकीय सनातन धर्म महाविद्यालय में परीक्षा के लिए आवेदन करने वालों की संख्या 18 हजार के पार पहुंच चुकी है। इसी तरह अजमेर के एसपीसी-जीसीए में भी 20 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने फार्म भरे हैं।
कॉलेज की बढ़ी परेशानी
इतनी संख्या में आवेदन आने से परीक्षा व्यवस्थाओं को अंजाम देना कॉलेज प्रबन्धन के लिए न केवल चुनौती बल्कि परेशानी का सबब बन गया है, हालांकि प्रबन्धन ने एक शिफ्ट में करीब 1500 विद्यार्थियों की व्यवस्था करने के लिए महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय को अवगत करा दिया गया है। ब्यावर सहित अजमेर में हजारों स्टूडेंट्स ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है।
छह हजार से ज्यादा होंगे बाहर
ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, नसीराबाद और अन्य महाविद्यालय में गत वर्ष करीब 40 हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया था। इनमें से करीब 15 हजार विद्यार्थियों को अन्यत्र परीक्षा देने जाना पड़ा। इसमें जीजीसीए और अन्य निजी कॉलेज शामिल थे।
कई छात्रों को तो सरवाड़, केकड़ी, पीसांगन व आसीन्द कॉलेज आवंटित किए गए। उम्मीद है कि इस बार महाविद्यालय में परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले करीब 20 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों को बाहर अन्य कॉलेज में परीक्षा देने जाना पड़ेगा। इसका कारण परीक्षा के लिए यहां पर व्यवस्था नहीं होना है।
Published on:
26 Dec 2018 09:28 am
