
money transfer by Cheque in other account
पुष्कर।
पंजाब नेशनल बैंक शाखा में आरटीजीएस करने के लिए खातेदार की ओर से जमा कराए गए चेक की करीब एक लाख तीस हजार रुपए की राशि का अन्य को भुगतान करने की गंभीर लापरवाही सामने आई है। बैंक ने चेक जमा कराने वाले खातेदार के खाते से राशि काट ली लेकिन भुगतान अन्यको कर दिया गया। शिकायत करने पर बैक प्रबंधन की लापरवाही उजागर हुई।
लेसवा गांव के घेवरचंद जाट ने आरपीसीएल नामक फर्म के खाते में जमा कराने के लिए 4 जनवरी को पुष्कर की पंजाब नेशनल बैंक शाखा में एक लाख तीस हजार रुपए का योअरसैल्फ का चेक जमा कराया। यह राशि आरटीजीएस के जरिए फर्म के खाते में जमा करानी थी। खातेदार घेवरचंद ने 5 जनवरी को पता लगाया तो उसके खाते से एक लाख तीस हजार रुपए की निकासी तो हुई लेकिन संबंधित फर्म के खाते में राशि जमा ही नहीं हुई।
घेवरचंद ने बैंक शाखा में आकर शिकायत दी तो बैक प्रबंधन में हड़कम्प मच गया। जानकारी करने पर पता चला कि चेक में वर्णित एक लाख तीस हजार रुपए का भुगतान दयाधर सतबाक नामक युवक को कर दिया गया। घेवरचंद ने बंैक प्रबंधन से अपने एक लाख तीस हजार रुपए मांगे तो बैंक प्रबंधन से यह कहकर टरका दिया कि भुगतान कैसे हुआ इसकी जांच की जा रही है तथा मामला मुख्यालय को भेजा गया है।
ऐसे हुई लापरवाही
आमतौर पर काट-छांट किए गए चेक का भुगतान नहीं किया जाता है तथा बड़ी राशि का तीसरे पक्षकार को भुगतान करने पर जानकार की जमानत ली जाती है। घेवरचंद का आरोप है कि उन्होंने योअरसैल्फ के नाम से चेक दिया था तो बैंक ने अन्य के नाम से भुगतान कैसे कर दिया। इस बारे में बैंक प्रबंधक भूदेव प्रसाद की मानें तो योअरसैल्फ के स्थान पर ओवर राइटिंग करके अन्जान युवक दयाधर सतबाक नामक युवक ने राशि का भुगतान उठाया है।
चेक क्रॉस नहीं करने से उठा भुगतान!
इस बारे में बैंक प्रबंधक भूदेव प्रसाद ने बताया कि घेवरचंद ने चेक जमा कराया था। बैंक काउंटर पर व्यस्तता का फायदा उठाकर दयाधर सतबाक नामक कथित अनजान युवक ने काउंटर से चेक चुराकर भुगतान उठा लिया। चेक जमा कराने वाले की गलती यह रही कि चेक क्रॉस नहीं किया। अन्जान युवक ने चेक पर योअरसैल्फ के स्थान पर इस प्रकार से दयाधर लिख दिया कि काट-छांट का पता ही नहीं लग सके। यह सही है कि लापरवाही तो रही है । मामले को लेकर विभागीय उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है तथा पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ साथ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Published on:
07 Jan 2018 08:09 am
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
