
किराणा दुकान, मकान के ताले तोड़कर चोरी
अजमेर. शहर में ठण्ड के साथ ही चोरी की वारदातों में इजाफा होने लगा है। शहर के मुख्य मार्गों और गलियों से पुलिस गश्त नदारद है। ऐसे में चोर रिहायशी इलाकों में सूने मकान व दुकानों को निशाना बना रहे हैं। आए दिन ताले तोड़कर नकदी-सामान उड़ाया जा रहा है। बेखौफ हुए चोर मंगलवार अलसुबह सब्बल से ताला तोड़कर दुकान के गल्ले से नकदी उड़ा ले गए।
केस-1: गल्ले से उड़ाए 20 हजार
मंगलवार सुबह उजाला हुआ तो होलीदड़ा लक्ष्मी चौक स्थित मांगीलाल जनरल स्टोर के ताले टूटे व शटर ऊंचा मिला। आसपास के लोगों की सूचना पर दुकान मालिक पहुंचा। प्रारंभिक पड़ताल में गल्ले से 20 हजार रुपए की नकदी चोरी होना पता चला। सूचना मिलते ही दरगाह थाना पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस पड़ताल में आया कि मंगलवार को बाजार बंद रहता है। ऐसे में चोर ने सुबह साढ़े 6 बजे वारदात अंजाम दी।
सीसीटीवी कैमरे में कैप्चर
जनरल स्टोर में चोरी की वारदात सामने स्थित दुकान के सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में सुबह साढ़े 6 बजे चोर सब्बल से शटर का ताला तोड़ता नजर आ रहा है। आरोपी आनन-फानन में गल्ले से रकम निकाल चलता बना।
केस-2: सूने मकान में वारदात
चोरी की दूसरी वारदात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कायड़ रोड कृष्णा कॉलोनी निवासी भोपाल सिंह के मकान में पेश आई। भोपाल सिंह रिश्तेदार की शादी में बाहर गए हुए थे जबकि परिवार के सदस्य दूसरे मकान में थे। चोर ने दरवाजे का ताला तोड़कर घर में रखे करीब 65 हजार रुपए की नकदी, 3-4 पुरानी चांदी की पायल चुरा ली। पुलिस ने नेगी की रिपोर्ट पर चोरी का मामला दर्ज किया है।
तोड़ा इंटरलॉक
चोरी की वारदात में चोर ने नेगी के मकान के दरवाजे में लगा इंटरलॉक सिस्टम तोडऩे का प्रयास किया। इंटरलॉक नहीं टूटने पर चोर लोहे के सब्बल से लॉक तोड़कर दाखिल हुए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद प्रकरण दर्जकर लिया।
Published on:
22 Dec 2021, 1:41 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.