
70 फीट ऊंची पानी की टंकी से कूदा अधेड़, अस्पताल में मौत
गंगापुरसिटी. जिले के गंगापुरसिटी के निकट बड़ी उदेई गांव में शुक्रवार सुबह एक जने ने पानी की टंकी से छलांग लगा दी। कूदते समय वह धार्मिक उद्घोष रहा था। नीचे गिरने ही घायल हालत में उसे गंगापुरसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों का सौंप दिया।
थाना प्रभारी भरतसिंह ने बताया कि मृतक रामचरण (50) पुत्र रामफूल गौड़ निवासी बांस की पुलिया बौंली है। पुलिस के अनुसार वह मानसिक रूप से कमजोर था। वह बड़ी उदेई में अपनी बहन के पास आया था। शुक्रवार सुबह करीब पौने दस बजे रामचरण एकाएक बड़ी उदेई गांव स्थित जलदाय विभाग की करीब 70 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ गया। पता चलते ही लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई। वह जोर-जोर से चिल्लाते हुए बेतुकी बातें कहने लगा। लोगों ने उसे समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को हटाया तो वह टंकी से कूद गया। टंकी के आसपास लोगों की भीड़ थी। वहीं जब वह टंकी से गिरा तो लोग मोबाइल पर वीडियो बनाते नजर आए।
भांजे ने दी रिपोर्ट
मृतक के भांजे चिन्टू की ओर से दी गई प्राथमिकी में बताया कि मामा उसकी मां राजकुमारी से मिलने आया था। वह मानसिक रूप से कमजोर था। उसका जयपुर में इलाज भी चल रहा था। शुक्रवार सुबह वह घर के सामने पानी की टंकी पर चढ़ गया। मां ने भी समझाया लेकिन वह टंकी से कूद गया। मेडिकल बोर्ड में शामिल डॉ. वेनी माधव ने बताया कि मृतक के गंभीर चोट आई थी। मृतक के पुत्र सुनील ने बताया कि उसके पिता का काफी समय से इलाज चल रहा था। उन्हें गुस्सा भी ज्यादा आता था। वह पुत्री के रिश्ते की तलाश में आए हुए थे।
ग्रामीणों ने की समझाइश
स्थानीय समाजसेवी मुक्तदिर अहमद ने बताया कि रामचरण के टंकी पर चढऩे की सूचना पर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। बहन को कुएं से पानी लाते देख वह चम्बल का पानी लाने की मांग करने लगा। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन इस दौरान कूदने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद उसकी बहन राजकुमारी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती करना पड़ा।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा व तहसीलदार ज्ञानचंद जैमन अस्पताल पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली।
बचाव के उपाय नहीं करने से रोष
मामले की जानकारी लगने पर पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना को लेकर दुख जताया। साथ ही प्रशासन के पास बचाव के उपाय नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई। वहीं जिला कलक्टर व उपखंड अधिकारी से फोन पर वार्ता कर मृतक के परिजन को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की।
पूर्व में महिला भी चढ़ी
टंकी पर चढऩे की एक घटना एक माह पूर्व भी हो चुकी है। गंगाजी की कोठी गांव में करीब दो माह पूर्व कुएं में मृत मिले पति के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर बरफी देवी 25 जुलाई को पंचायत समिति स्थित नवनिर्मित टंकी पर चढ़ गई थी। हालांकि पुलिस एवं प्रशासन की समझाइश के बाद पूर्व सरपंच बलराम के सहयोग से महिला को सुरक्षित टंकी से उतार लिया गया था।
नाकारा है टंकी...
जिस टंकी से व्यक्ति कूदा है, वह नाकारा है। उसकी चारदीवारी भी हो रही है। शहर में नवनिर्मित टंकियों में चार मीटर ऊपर से सीढ़ी बनाई गई है। पुरानी टंकियों पर भी सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।
रामकेश मीना, अधिशासी अभियंता जलदाय विभाग
Published on:
28 Aug 2020 11:37 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
