
अजमेर.
पाकिस्तान की जेल में बंद अजमेर का जयसिंह के परिवार व पते का अब तक सुराग नहीं लग सका है। हालांकि जिला पुलिस की विशेष शाखा और परामर्श केन्द्र ने उच्चायोग से मिले नाम और पते की तस्दीक की पुन: प्रयास किए मगर सफलता नहीं मिली।
पाक उच्च आयोग ने भारतीय सुरक्षा एजेंसी को मार्च 2018 में अजमेर के जयसिंह नामक युवक के पाक जेल में बंद होने की सूचना दी। गृह मंत्रालय से मिली सूचना पर हालांकि पहले जिला पुलिस ने फोरी पड़ताल के बाद रिपोर्ट भेज दी।
पत्रिका के 7 जून के अंक में प्रथम पृष्ठ पर ‘तो क्या…पाकिस्तान से कभी नहीं लौट पाएगा अजमेर का जयसिंह? खबर प्रकाशित होने के बाद जिला पुलिस व खुफिया एजेंसी ने पाक जेल में बंद अजमेर के जयसिंह के परिवार की नए सिरे से तलाश शुरू की मगर दो महीने बाद भी पुलिस की तलाश पूरी नहीं हो सकी। जिला विशेष शाखा के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गृह विभाग से अजमेर में बारां कोटा बाबरी मस्जिद का पता बताया है। पड़ताल में अजमेर में बाबरी मस्जिद नाम से कोई मस्जिद नहीं है। न ही जयसिंह नामक कोई व्यक्ति पुलिस रिकॉर्ड में लापता है। जयसिंह के अलावा बूंदी का जुगराज भी पाक जेल में बंद है। अब आने वाला समय ही बताएगा कि क्या इन दोनों की वतन वापसी हो पाती है या नहीं ।