
यहां के लोग पानी के लिए जान डाल रहे जोखिम में
मेवदाकलां (अजमेर). क्षेत्र में लोग पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। पीने के पानी लाने के लिए वह किसी भी हद तक जा सकते हैं। ऐसा ही माजरा ग्राम सलारी के उच्च जलाशय पर देखने को मिला। यहां लोग पीने के पानी की आस लिए गांव में बीजवाड़ रास्ते पर बनी उच्च जलाशय टंकी पर कई सीढिय़ों के रास्ते से ऊपर चढ़कर तथा टंकी के अंदर बचे पानी को भरकर करीब 70 से 80 फीट नीचे ला रहे हैं। जलदाय विभाग के अधिकारी भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
ग्राम पंचायत सलारी के सरपंच रमेश चंद्र वैष्णव ने बताया कि गांव में पानी पर्याप्त मात्रा में नहीं मिलने के कारण लोग उच्च जलाशय पर सीढिय़ो द्वारा ऊपर चढ़कर टंकी का ढक्कन खोलकर उसमें अंदर घुसकर पानी भर कर वापस नीचे ला रहे हैं। ग्रामीण पानी के लिए अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। ग्राम सलारी को जलदाय विभाग ने बघेरा फिल्टर प्लांट से कुमावतों का नया गांव होते हुए नए पाइप लाइन डालकर जोड़ रखा है, लेकिन पानी की पर्याप्त सप्लाई नहीं होने के कारण टंकियों में पानी नहीं है। पानी नहीं होने के कारण गांव में बने उच्च जलाशय में सप्लाई होने वाले पाइप के लेवल से टंकी में बचने वाले पानी को लोग भर रहे हैं। इस मामले को लेकर जलदाय विभाग के कर्मचारियों को अवगत करा दिया, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
Published on:
03 Jun 2019 05:30 am
