चिकित्सकों व रेजीडेंट की हड़ताल के चलते जिला मुख्यालय के जेएलएन अस्पताल में शनिवार को बीते 24 घंटे में 121 मरीज नए भर्ती हुए (ओपीडी के 52), ओपीडी में 1227 मरीजों को परामर्श दिया गया, मेजर ऑपरेशन 28 जबकि माइनर ऑपरेशन मात्र एक हुआ। अस्पताल में कुल भर्ती मरीजों की संख्या 785 रही। अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनिल जैन ने बताया कि सेवारत 20 चिकित्सकों में से 13 ड्यूटी दे रहे हैं। सीनियर रेजीडेंट में भी करीब 40 में से 22 ड्यूटी कर रहे हैं। उधर, जिलेभर में पीएचसी, सीएचसी व जिला चिकित्सालय में मरीजों को शनिवार को भी कोई राहत नहीं मिली। चिकित्सकों की हड़ताल जारी रही। प्राइवेट प्रेक्टिनर्स डॉक्टर्स एसोसिएशन की ओर से शनिवार को 3 घंटे ओपीडी का बहिष्कार किया गया। बाद में काली पट्टी बांधकर चिकित्सकों ने कार्य किया।