
राजस्थान के विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी
Ajmer Got 2 Gifts : राइजिंग राजस्थान समिट से पहले सरकार का बड़ा फैसला। अजमेर को दो बड़े तोहफे मिले हैं। राजस्थान सरकार ने माकड़वाली गांव में आईटी पार्क भूमि आवंटन प्रस्ताव को मंजूरी दी दे दी है। यहां 12.95 हैक्टेयर में पार्क बनेगा। इससे शहर में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। लोहागल गांव में सर्विस रिजर्वायर के लिए 10 हजार वर्ग मीटर भूमि आवंटन को भी मंजूरी मिल गई है। यहां 30 एमएलडी क्षमता का एस.आर. टैंक बनेगा।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि बजट में आईटी पार्क और अजमेर उत्तर क्षेत्र में पेयजल समस्या के निदान के लिए 3 सर्विस रिजर्वायर की घोषणा की गई है। अजमेर विकास प्राधिकरण ने आईटी पार्क के लिए माकड़वाली गांव के खसरा नम्बर 964 में 12.95 हैक्टेयर भूमि तथा सर्विस रिजर्वायर के लिए लोहागल में 10 हजार वर्गमीटर भूमि आरक्षित कर नगरीय विकास विभाग को भेजी है। नगरीय विकास के शासन उप सचिव राकेश कुमार गुप्ता ने दोनों बजट घोषणाओं के लिए भूमि आवंटन किया है।
पेयजल समस्या के निराकरण के लिए बजट में 270 करोड़ रुपए की योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विभिन्न विभागों से संबंधित कामकाज को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
जलदाय विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एसआर. टैंक के निर्माण पर करोड़ों रुपए की लागत आएगी। इससे 50 हजार लोगों तक पूरे प्रेशर से जलापूर्ति होगी। टैंक तक नसीराबाद से विशेष रूप से पाइप लाइन डाली जाएगी। यह बीसलपुर मेन लाइन से कनेक्ट होगी। इससे टैंक में पानी की उपलब्धता सदैव बनी रहेगी। नसीराबाद से नौसर कोटड़ा तक पाइप लाइन और कोटड़ा, पृथ्वीराज नगर एवं लोहागल में सर्विस रिजर्वायर बनाए जाने हैं। कोटड़ा में एस.आर. टैंक के लिए पूर्व में ही भूमि आवंटित हो चुकी है।
Updated on:
4 Dec 2024, 5:17 PM IST
Published on:
4 Dec 2024, 5:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.