
Pushkar Fair : कमाल है। पुष्कर मेले में आई वैनिटी वैन को देखकर सब चौंक गए। सबको लगा कि मेले में कोई बालीवुड मशहूर हस्ती आई है। पर वैनिटी वैन में जानकर वह उपस्थित सभी हैरान रह गए। क्योंकि यह वैनिटी वैन मशहूर सितारों के लिए नहीं यह अश्वों की वैनिटी वैन है। जीहां, अजमेर में पशुपालक गायों-बछड़ों, अश्वों, ऊंटों और अन्य पशुओं को अक्सर ट्रकों-जीपों में लादकर एक से दूसरे स्थान पर ले जाते हैं। ऐसे वाहनों में न उनके लिए सुविधाएं न हवा-पानी के इंतजाम होते हैं। लेकिन पंजाब के अश्वपालकों ने लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक सुविधायुक्त वैनिटी वैन तैयार की है। इसमें हवा के लिए एसी-पंखे और ऑटोमेटिक पट्टी लगाई गई है, ताकि अश्वों को चढऩे-उतरने में परेशानी नहीं हो।
पुष्कर मेले में पंजाब से आए सिमरजीत सिंह ने बताया कि वे अक्सर अश्वों, ऊंटों और अन्य पशुओं को ट्रक-जीप-मिनी ट्रक में लादकर ले जाते देखते थे। यह देखकर उन्हें पशुओं के साथ क्रूरता का एहसास होता था। यही सोचकर उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर अत्याधुनिक वैनिटी वैन तैयार की।
सिमरजीत सिंह ने बताया कि वैनिटी वैन में दो अश्वों को रखा जा सकता है। इसमें एसी, पंखे और लाइट भी लगाए गए हैं। ताकि अश्वों को गर्मी का एहसास ना हो। इसमें अश्व खड़े अथवा बैठकर जा सकते हैं। वैन को ट्रक-जीप या ट्रेक्टर के साथ जोड़कर कहीं भी ले जाया जा सकता है।
पर्यटकों की सुविधार्थ मूविंग रूम भी तैयार किया है। इसमें दो लोगों के सोने-बैठने के लिए बिस्तर, पंखे लगाए गए हैं। साथ में छोटा किचन भी रखा गया है। किचन में छोटा फ्रिज, वॉशबेसिन भी है। इस मूविंग रूम को किसी भी वाहन से जोड़कर मेलों, रेतीले धोरों, पहाड़ों, वन्य जीव अभ्यारण्य और समुद्र किनारे ले जाया जा सकता है। होटल, गेस्ट हाउस अथवा सराय में रुकने के लिए जगह नहीं मिलने पर यह उपयोगी साबित हो सकता है।
Updated on:
11 Nov 2024, 2:28 PM IST
Published on:
11 Nov 2024, 2:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.