
राबर्ट वाड्रा उतरेंगे राजनीति में, मुरादाबाद से चुनाव लडऩे की जताई इच्छा
अजमेर. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति राबर्ट वाड्रा (Robert Vadra) भी अब राजनीति (politics) में प्रवेश करेंगे। अजमेर (ajmer) में सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह (dargah) में जियारत (ziyarat) के लिए आए वाड्रा ने पत्रकारों से बातचीत में यह संकेत दिए। यहां के एक होटल में जब उनसे चुनाव लडऩे की बात पूछी गई तो उन्होंने मुरादाबाद से चुनाव लडऩे की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद के अलावा भी कई जगह से मांग आती रहती है, जहां लोगों का प्यार मिलेगा वहां से चुनाव लड़ूंगा।
प्रियंका गांधी की सुरक्षा में खामी को लेकर उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ी चूक है। अब भले ही कुछ भी कहा जाए लेकिन गाड़ी घर में घुसी है, लोग उसमें से उतरे हैं। इससे यह साफ है कि सुरक्षा को लेकर केंद्र गंभीर नहीं है। एेसे में इस तरह के हादसे होते रहेंगे चाहे वह हमारे घर में हो यहा देश में कहीं भी।
वाड्रा ने कहा कि यह केवल मेरे परिवार की ही बात नहीं है, देश की सभी महिलाएं खुद को असुरक्षित मान रही हैं, यह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इसके लिए केंद्र सरकार कुछ नहीं कर रही है। एेसे में हमें ही जागरुक रहना पड़ेगा। हर व्यक्ति को चाहिए कि वह कहीं भी कोई मुश्किल में है तो उसकी मदद करें ताकि वह सुरक्षित घर पहुंच सके।
हैदराबाद में महिला पशु चिकित्सक से बलात्कार और हत्या की घटना का जिक्र करते हुए वाड्रा ने कहा कि यह बहुत गलत हुआ है। इस तरह की घटनाओं को लेकर सभी आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक कानून का डर नहीं होगा तब तक यह सब चलता रहेगा। कानून को इस तरह के मामले में तुरंत कड़ा एक्शन लेना चाहिए ताकि कोई इस तरह की हिम्मत नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी के कारण देश में अपराध बढ़ रहे हैं। इसके लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है।
गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा हटाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी को भी सुरक्षा बहुत सोच समझ कर और किसी कारण से ही दी जाती है। एसपीजी सुरक्षा नहीं हटाई जानी चाहिए थी।
खुद पर लगे आरोपों को लेकर वाड्रा का कहना कि उन पर बेबुनियाद इल्जाम लगे हैं। वाड्रा बोले मैं हर एजेंसी को पूछताछ में सहयोग कर रहा हूं और जल्द ही सच सामने आ जाएगा, मैंने कोई गलती नहीं की है।
उद्योगपति राहुल बजाज के बयान को लेकर वाड्रा ने कहा कि इस तरह एक-एक करके सभी लोग सामने आने वाले हैं क्योंकि जो माहौल देश में बना है, उसे लेकर सभी चिंतित है।
Published on:
4 Dec 2019, 8:05 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.