
one time registration process
अजमेर. राज्य में विभिन्न भर्तियों के लिए आवेदन करने लाखों अभ्यर्थियों को राजस्थान लोक सेवा आयोग के भर्ती आवेदन फॉर्म बार-बार भरने की जरूरत नहीं होगी। सोमवार को आयोग की वन टाइम रजिस्ट्रेशन प्रणाली शुरू हो गई। इसके तहत अभ्यर्थियों को यूनीक रजिस्ट्रेशन नंबर (आईडी) मिलेगा। इस नंबर से फॉर्म में उनकी सारी सूचनाएं ऑटोमेटिक भर जाएंगी। वे केवल वांछित शुल्क देकर परीक्षा में बैठ सकेेंगे।
कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. शिवसिंह राठौड़ ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधार्थ वन टाइम रजिस्ट्रेशन प्रोसेस की शुरुआत की गई है। अभ्यर्थियों और आयोग ऑनलाइन को फॉर्म में नाम, माता-पिता का नाम, गृह जिला, कैटेगरी और अन्य सूचनाएं भरने-जांचने में परेशानी होती थी। कई बार गलतियां सुधारने के कारण आवेदक एक से ज्यादा फॉर्म भरते थे। अब इन समस्याओं से उन्हें छुटकारा मिलेगा।
यूं कर सकेंग वन टाइम रजिस्ट्रेशन
-अभ्यर्थियों को एसएसओ आईडी पर लॉगिन कर जाना होगा स्टेट रिक्रूटमेंट पोर्टल पर
-पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेश लिंक को करना होगा क्लिक
-नाम, जन्म तिथि माता-पिता का नाम, जैंडर, मोबाइल नंबर करने होंगे अपलोड
-सेकंडरी/समकक्ष परीक्षा का रोल नंबर,परीक्षा वर्ष और बोर्ड के इंद्राज के साथ सर्टिफिकेट करना होगा अपलोड
-फोटो पहचान पत्र (पेन, वोटर आईडी, आधार, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य) करना होगा अपलोड
-फॉर्म में भरी गई सूचनाओं की पुष्टि करेगा अभ्यर्थी
-मोबाइल पर आने वाले ओटीपी के माध्यम से किया जाएगा सत्यापन
-सत्यापन प्रक्रिया सफल होने के बाद जनरेट होगा यूनिक वन टाइम रजिस्ट्रेशन
अभ्यर्थियों-आयोग को फायदा
-नाम, वर्तनी, जैंडर, कैटेगरी, जन्म तिथि की त्रुटियों में कमी
-अभ्यर्थियों को नहीं भरने होंगे प्रत्येक भर्ती के फॉर्म
-यूनिक आईडी के बाद मूल दस्तावेजों की बार-बार नहीं पड़ेगी जरूरत
-आयोग को नहीं चेक करने पड़ेंगे बार-बार डॉक्यूमेंट
-अभ्यर्थियों को देनी होगी सिर्फ एग्जाम फीस
-फॉर्म-शैक्षिक दस्तावेज में कोई त्रुटि होने पर ऑनलाइन करेक्शन विकल्प
वन टाइम वेरीफिकेशन जल्द
सचिव हरजीलाल अटल ने बताया कि आयोग जल्द वन टाइम वेरिफिकेशन सुविधा भी शुरू करेगा। इसे ई-वॉलेट से जोड़ा जाएगा। अभ्यर्थी वन टाइम वेरिफिकेशन की तरह एक बार ही शैक्षिक मार्कशीट, सर्टिफिकेट और अन्य दस्तावेज अपलोड करेंगे। यह दस्तावेज ई-वॉलेट में सुरक्षित रहेंगे। आयोग कोई आवश्यकता होने/शैक्षिक योग्यता अपग्रेड होने की स्थिति में ही अभ्यर्थी से वांछित दस्तावेज मांगेगा।
दो समान प्रोफाइल हुए तो सत्यापन
आईटी विभाग के अतिरिक्त निदेशक अखिलेश मित्तल ने बताया कि वन टाइम रजिस्ट्रेशन में किसी अभ्यर्थी के एकजैसे प्रोफाइल प्रदर्शित होने पर उसे नियमानुसार फॉर्म भरने दिया जाएगा। लेकिन बाद में आयोग फॉर्मका सत्यापन करेगा। उसके अलग अभ्यर्थी होने पर ही ओटीआर नंबर जारी किया जाएगा। अन्यथा पूर्व में दिए गए ओटीआर नंबर और एसएसओ आईडी में विलय करते हुए अभ्यर्थी को एसएमएस से सूचना दी जाएगी। एक बार आवेदन के बाद अभ्यर्थियों को अन्य परीक्षाओं में बार-बार आवेदन के दौरान भरी जाने वाली सूचनाएं नहीं भरनी होंगी।
Published on:
10 Jan 2022, 4:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.