
rpsc exam 2018
रक्तिम तिवारी/अजमेर।
राजस्थान लोक सेवा आयोग की सबसे प्रतिष्ठित आरएएस एवं अधीनस्थ सेवाएं (संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा सीधी भर्ती-2018) की तिथि आगे खिसक सकती है। आयोग में उच्च स्तरीय चर्चा के बाद यह सम्भावना बनी है। उच्चाधिकारियों का मानना है, कि कम समय होने और अधूरी तैयारियों के चलते 5 अगस्त को परीक्षा कराना बहुत जोखिमपूर्ण होगा। अब निगाहें अध्यक्ष दीपक उप्रेती पर टिकी हैं।
आयोग ने 5 अगस्त को आरएएस एवं अधीनस्थ सेवाएं (संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा सीधी भर्ती-2018) कराना तय किया है। मई में आयोजित फुल कमीशन की बैठक में यह तिथि तय हुई थी। लेकिन 80 दिन तक स्थाई अथवा कार्यवाहक अध्यक्ष नहीं होने से आयोग पेपर प्रिंट नहीं करा पाया। इस दौरान दो बार फुल कमीशन की बैठक हुई पर आयोग परीक्षा स्थगित या तय तिथि पर कराने का फैसला नहीं ले सका।
उप्रेती को ये मिला फीडबैक..
कार्यभार संभालते ही अध्यक्ष दीपक उप्रेती ने आयोग सदस्यों और अधिकारियों से आरएएस प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों के बारे में पूछा। उन्होंने 5 अगस्त को ही परीक्षा कराने की सभी संभावनाओं को टटोला। उच्चाधिकारियों ने उन्हें स्पष्ट तौर पर कहा कि महज 13 दिन में पेपर प्रिंटिंग और परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाना और अन्य तैयारियां करना चुनौतिपूर्ण है। ऐसे में तय तिथि पर ही परीक्षा कराना बेहद जोखिम पूर्ण होगा। नियमानुसार परीक्षा करानी या तिथि आगे बढ़ाने के लिए फुल कमीशन की बैठक में ही फैसला लिया जा सकता है।
....दो पेपर तैयार करा चुका आयोग
अधिकृत सूत्रों ने बताया कि अंदरूनी स्तर पर परीक्षा की 80 फीसदी से ज्यादा तैयारियां हो चुकी हैं। आयोग विशेषज्ञों से आरएएस प्रारंभिक परीक्षा के दो पेपर तैयार करा चुका है। अन्य पेपर भी तैयार कराए जा रहे हैं। अब उच्च स्तरीय प्रिंटिंग प्रेस से इन्हें छपवाने और केंद्रों तक पहुंचाने का काम ही बकाया है। इसके अलावा केंद्रों का निर्धारण हो चुका है। कई जिला कलक्टर और एसपी ने आरएएस अधिकारी और पर्यवेक्षक भी नियुक्त कर दिए हैं।
सबकुछ उप्रेती पर निर्भर........
नियमानुसार आयोग के स्थाई अथवा कार्यवाहक अध्यक्ष ही आरएएस प्रारंभिक और अन्य परीक्षाओं के पेपर तैयार कराने और इनकी प्रिंटिंग कराने के लिए अधिकृत होते हैं। आरएएस प्रारंभिक परीक्षा-2018 के लिए तैयाह हुए दो पेपर और अन्य कार्यों की अब अध्यक्ष दीपक उप्रेती समीक्षा करेंगे। वे चाहें तो विशेषज्ञों से नए सिरे से सभी पेपर तैयार करा सकते हैं। चाहें तो तैयार पेपर की उच्च स्तरीय समीक्षा और इनकी प्रिंटिंग कराकर परीक्षा करा सकते हैं।
Published on:
25 Jul 2018 07:22 am
