
देशी कट्टा दिखाकर सर्राफा व्यवसायी से लूटपाट
सरवाड़ (अजमेर). कस्बे में रविवार रात देशी कट्टा दिखाकर एक सर्राफा व्यवसायी के साथ लूटपाट करने का मामला सामने आया है। गनीमत रही कि व्यापारी के पास जिस थैले में सोने चांदी के गहने व अन्य कीमती सामान रखा हुआ था वह बच गया और जिस थैले में खाता बही रखे हुए थे लुटेरे उसे छीन कर ले गए। घटना का पता चलने पर आसपास रहने वाले लोगों ने कस्बे के आसपास सभी रास्तों पर मोटरसाइकिल से लुटेरों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
व्यापारी के अनुसार मोटरसाइकिल पर सवार दोनों लुटेरों ने अपने चेहरे पर नकाब पहना रखा था, जिसके चलते उनकी पहचान नहीं हो सकी।
सर्राफा व्यवसायी चेतन प्रकाश अजमेरा रात करीब 8 बजे मोटरसाइकिल से पत्नी के साथ घर लौट रहा था। मोटरसाइकिल के दोनों और दो थैले थे, जिनमें एक में खाताबही व दूसरे में सोने चांदी के आभूषण थे। अजमेरा ने जैसे ही अपने घर के बाहर मोटरसाइकिल रोकी तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो नकाबपोश युवकों ने उसे घेर लिया।
देशी कट्टा निकालकर उस पर तान दिया और मोटरसाइकिल के एक हैंडल पर लटके थैले को छीनकर ले गए। इस पर अजमेरा और मोटरसाइकिल पर उसके पीछे सवार उसकी पत्नी दोनों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा कर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में मोटरसाइकिल लेकर लोगों ने लुटेरों की तलाश भी की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
पीछा करते हुए पहुंचे!
कयास लगाया जा रहा है कि दोनों लुटेरे अजमेरा का पीछा कर रहे थे और जैसे ही अजमेरा ने अपने घर के बाहर मोटरसाइकिल रोकी, उन्होंने वारदात को अंजाम दे दिया। अजमेरा का मकान कस्बे से थोड़ा दूर सुनसान इलाके में होने से वहां लोगों की आवाजाही कम रहती है, जिसके चलते लुटेरों को अपनी वारदात अंजाम देने में आसानी रही।
Published on:
15 Jul 2019 06:01 am
