
three dead in accident in TN
बाड़ी. उपखंड में बजरी और पत्थरों से भरे ट्रेक्टर बेखौफ होकर सड़कों पर मौत बांटते दौड़ रहे हैं। रविवार सुबह बाड़ी-बसेड़ी मार्ग पर खेत से घर जा रहे कुहावनी निवासी रामदयाल पुत्र रामसहाय मीणा को पत्थर खाली कर लौट रहे एक ट्रेक्टर ने कुचल दिया। सुबह दौड़ लगा रहे युवाओं ने जब यह घटना देखी तो घायल किसान को बाड़ी सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने घायल को धौलपुर रेफर किया लेकिन, घायल किसान का रास्ते में ही दम टूट गया। सूचना पर ग्रामीण एकत्रित होकर मौके पर पहुंचे, तब तक ट्रैक्टर चालक फरार हो चुका था। गुस्साए ग्रामीणों ने बाड़ी-बसेड़ी मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीण पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सूचना मिलने पर घटनास्थल पहुंचे बाड़ी विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा ने ग्रामीणों की समझाइश कर जाम खुलवाया।
आरोपियों पर होगी सख्त कार्रवाई: विधाक
बाड़ी-बसेड़ी हाईवे जाम की सूचना मिलने के बाद विधायक मलिंगा मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर ही बाड़ी सदर थाना पुलिस एवं कंचनपुर पुलिस को बुलाया और ग्रामीणों की समझाइश की। उन्होंने मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से अनुदान दिलाने का भी आश्वासन दिया और आरोपियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की भी बात कही। इस दौरान बाड़ी सीओ बाबूलाल मीणा भी उपस्थित रहे। विधायक की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने शव को सामान्य चिकित्सालय बाड़ी पहुंचाया। जहां पर पोस्टमार्टम किया गया।
नहीं होती कड़ी कार्रवाई
लोगों की जान लेने पर उतारू बजरी-पत्थर के ट्रेक्टर चालकों के विरुद्ध कोई कड़ी कार्रवाई नहीं होती है। लोगों में चर्चा है कि ट्रेक्टर संचालक किसकी सरपरस्ती में अवैध धंधे को अंजाम दे रहे हैं। ऊंची आवाज में गाने बजाते फर्राटे से दौड़ते इन ट्रेक्टरों पर कार्रवाई नहीं होने से संचालकों के हौसले सातवें आसमान पर हैं। जिसका खामियाजा आम लोगों को उठाना पड़ता है।
ट्रेक्टर को लेकर रहा भ्रम
अक्सर रेता से भरे ट्रेक्टरों द्वारा इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जाता रहा है। इसे लेकर सोशल मीडिया पर पहले अवैध रेत के ट्रेक्टर द्वारा दुर्घटना होने की खबर वायरल हुई। उसके बाद पुलिस ने पत्थर के खाली ट्रेक्टर से दुर्घटना होना बताया। लोगों मे चर्चा का विषय यही रहा कि ट्रेक्टर रेता का हो या फिर पत्थर का इनके आगे पुलिस को हमेशा बेबस क्यों नजर आती है।
इनका कहना है
एक ट्रेक्टर चालक कुहामनी से पत्थर खाली करके लौट रहा था। बाड़ी-बसेड़ी स्टेट हाईवे मोड़ पर उसने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए बाड़ी लाया गया है।
- देवेंद्र शर्मा, थाना प्रभारी, कंचनपुर
Published on:
27 Dec 2021, 1:39 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.