
womens engineering college ajmer
राजकीय महिला इंजीनियरिंग कॉलेज जल्द कैंपस प्लेसमेंट के लिए गूगग, फेसबुक और एमेजॉन सरीखी नामचीन कम्पनियों को बुलाएगा। यहां छात्राओं को रोजगार मुहैया कराने और शैक्षिक उन्नयन के लिए कार्यक्रम चलेंगे।
प्राचार्य डॉ. अजयसिंह जेठू ने बताया कि कॉलेज में छात्राओं के लिए प्लेसमेंट ड्राइव जारी है। इसमें देश की विभिन्न कम्पनियों को बुलाया गया है। हाल में ६५ छात्राओं का बॉश और अन्य कम्पनियों में प्लेसमेंट हुआ है। अब तक कॉलेज की छात्रा को ७.५० लाख रुपए का सर्वोच्च पैकेज मिला है। कॉलेज जल्द गूगल, फेसबुक और एमेजॉन जैसी नामचीन कम्पनियों को प्लेसमेंट के लिए आमंत्रित करेगा। छात्राओं के लिए परिसर में ही ग्रेज्युएट एप्टीट्यूड टेस्ट (गेट) की कक्षाएं शुरू की गई हैं।
यहां जिम्नेजियम भी जल्द प्रारंभ होगा। टेक्यूप प्रोजेक्ट के तृतीय चरण की राशि भी जल्द जारी होगी। इससे प्रयोगशालाओं को हाइटेक बनाया जाएगा। डॉ. जेठू ने बताया कि शैक्षिक उन्नयन के लिए कॉलेज जल्द नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी जालंधर से एमओयू किया जाएगा। इसके बाद शिक्षक पीएचडी कर सकेंगे।
दीवारों पर सतरंगी पेंटिंग
परिसर में पिछले दिनों शहर की विभिन्न स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने दीवारों पर पेंटिंग बनाई। सावित्री बालिका विद्यालय और कलक्ट्रेट की तरह महिला इंजीयनियरिंग कॉलेज में भी दीवारों पर विद्यार्थियों ने बेलबूटे, पहाड़, झरने, उगते सूरज, पंछी और अन्य पेंटिंग बनाई। इसके लिए ख्यातनाम चित्रकार श्रीलाल जोशी ने विजेताओं को सम्मानित किया।
कॉलेज है देश की शान
राजस्थान के एकमात्र वुमेन्स इंजीनियरिंग कॉलेज की पूरे उत्तर भारत में पहचान है। महज १० साल में इसने अपनी पहचान बनाई है। यह हरियाली के मामले में राज्य के दूसरे कॉलेज से कहीं आगे हैं। यहां महिला शिक्षकों और स्टाफ के छोटे बच्चों को रखने के लिए वात्सालय सेंटर है। इसके अलावा पूरा कैंपस वाई-फाई से कनेक्ट है। कैंपस के हाईटेक भवन और क्लासरूम किसी वल्र्ड क्लास इंस्टीट्यूट में होने का एहसास कराते हैं। यहां करीब २ हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स इंजीनियरिंग कोर्सेज में पढ़ रही हैं।
Published on:
27 Sep 2017, 8:17 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.