
Student injured
अलीगढ़। भाजपा मेयर प्रत्याशी को आवंटित किए गए गनर की कार्बाइन से चली गोली से 11 वीं का छात्र घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे जेएन मेडिकल कालेज के आइसीयू में भर्ती कराया गया है। वहीं यूपी पुलिस के गनर को थाना पुलिस ने कस्टडी में ले लिया है। बताया जा रहा है कि छात्र सिपाही की कारबाइन के साथ सेल्फी ले रहा था, तभी ये हादसा हुआ।
सेल्फी लेते समय हुआ हादसा
पुलिसकर्मी मनीष सासनीगेट इलाके में ग्रीन पार्क के पास स्थित अमित चौधरी के किराए के मकान में रहता है। यहां इलाके के ही लोधीपुरम के हार्डवेयर कारोबारी महेंद्र अग्रवाल के 11वीं में पढ़ने वाले पुत्र नितिन अग्रवाल से दोस्ती है। नितिन का मनीष के कमरे पर आना-जाना है। बताया जा रहा है कि पुलिस कर्मी मनीष कुमार को पुलिस लाइन से कारबाइन के साथ रवाना किया गया था। यहां से मनीष कुमार सीधे अपने कमरे पर पहुंच गया। कमरे पर देर शाम के वक्त छात्र नितिन अग्रवाल भी आ पहुंचा। रात करीब 12 बजे नितिन गनर मनीष कुमार की कारबाइन के साथ मोबाइल से फोटो खींच रहा था। फिर उससे खेलने लगा। इसी दौरान किसी तरह कारबाइन का ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। गोली सीधे नितिन के सीने में जा लगी और वह कमरे में ही जमीन पर गिर गया ।
अस्पताल में कराया भर्ती
लहूलुहान अवस्था में सिपाही मनीष कुमार एक अन्य साथी की मदद से पहले उसे आगरा रोड स्थित रूसा मेडिकल में ले गया। वहां से गंभीर हालत होने पर फिर जेएन मेडिकल कालेज लेकर पहुंच गया, जहां नितिन को आइसीयू में भर्ती कर लिया गया। सिपाही मनीष कुमार ने नितिन के परिजनों के अलावा सासनीगेट पुलिस को खबर दे दी। आइसीयू में भर्ती छात्र की हालत नाजुक बताई जा रही है। हालांकि चिकित्सकों ने उसका ऑपरेशन कर दिया है। पुलिस ने सिपाही मनीष कुमार को कस्टडी में ले लिया है और कारबाइन को भी कब्जे में ले लिया। एसएसपी ने घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में जांच की जा रही है, परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। बताया जा रहा है कि भाजपा के मेयर प्रत्याशी डॉ. राजीव अग्रवाल को पुलिस लाइन से गनर के रुप में मनीष को आवंटित किया था, लेकिन वह उनके पास तक नहीं पहुंचा था।
Published on:
16 Nov 2017, 4:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.