
Boat Ride in Maha Kumbh 2025: प्रयागराज में महाकुंभ मेला 13 जनवरी 2025 से 26 फरवरी 2025 तक चलेगा। ऐसे में सरकार महाकुंभ की तैयारियों में जुटी हुई है। सरकार ने श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए कई योजनाएं बनाई है। ऐसे में श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो, इसलिए सरकार ने महाकुंभ में 3500 नावों को चलाने का निर्णय लिया है। साथ ही, अलग-अलग घाटों से संगम तक का किराया भी जारी किया गया है।
महाकुंभ के दौरान साढ़े तीन हजार नावों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने मेला क्षेत्र के कुल 12 घाटों को चिह्नित किया है। एक नाव में दो नाविक के अलावा 10 से अधिक सवारी नहीं बैठेगी। इसके साथ ही सभी सवारों के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य होगा। लाइफ जैकेट पहनाना नाविक की जिम्मेदारी होगी।
प्रमुख स्नान पर्वों पर आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए व्यावसायिक, सरकारी बड़ी नावों और स्टीमरों के के चलाने पर रोक रहेगी। कुंभ पुलिस प्रशासन की ओर से सिर्फ छोटी नावों पर ही तीर्थयात्रियों को बैठाने की अनुमति रहेगी। इन छोटी नावों के लिए निर्धारित रूट भी तय किया गया है। जल पुलिस प्रमुख स्नान तिथियों पर नियम का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करेगी।
महाकुंभ मेले के दौरान रामघाट, झूंसी और राजघाट को बंद करने का निर्णय लिया गया है। आम दिनों के लिए इन घाटों से प्रति व्यक्ति के हिसाब से 55 रुपये नाव का किराया देना तय किया गया है।
Updated on:
03 Jan 2025 12:17 pm
Published on:
03 Jan 2025 12:17 pm
