इलाहाबाद शहर में बसपा नेता राजेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिसके बाद से कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल किया। राजेश यादव को सोमवार की देर रात उस समय गोली मारी गई जब वह अपने कारोबारी मित्र डॉक्टर मुकुल सिंह के साथ फार्चुनर कार से इलाहाबाद विश्वविद्यालय के ताराचंद हॉस्टल गए थे। भदोही के दुगुना गांव निवासी राजेश यादव 2017 में ज्ञानपुर विधानसभा से बसपा के बैनर पर चुनाव लड़ चुके हैं। साथ ही बसपा ज्ञानपुर विधानसभा के प्रभारी भी थे। हालांकि यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि, डॉ मुकुल और राजेश देर रात हॉस्टल क्यों गए थे। इन दिनों विवि में छात्रसंघ चुनाव चल रहा है। और तारा चन्द्र में एक अध्यक्ष प्रत्याशी सहित एक महामंत्री का भी चुनाव कार्यालय बनाया गया है। वहीं राजेश यादव की हत्या के बाद संदिग्ध छात्र को क्राइम पुलिस पूछताछ के लिए ले गई थी, जिसे आज सुबह लगभग तीन बजे छोड़ दिया गया।