
चुनावी साल में शिक्षा विभाग ने किया कमाल, बालिकाओं को समय पर मिला यह उपहार
अलवर. इस साल चुनावी वर्ष होने के चलते शिक्षा विभाग के सभी काम समय पर हो रहे हैं। इस साल तो कक्षा नवीं में पढऩे वाली बेटियों को साइकिल ही समय पर मिल गई। बीते साल तो बेटियां अद्र्धवार्षिक परीक्षाओं तक साइकिलों का इंतजार करती रही।
इस वर्ष 7899 साइकिलें राजकीय विद्यालयों की कक्षा नवीं में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को वितरित की गई। बीते वर्ष कक्षा नवीं में प्रवेश लेने वाली छात्राएं अद्र्धवार्षिक परीक्षाओं तक साइकिल का इंतजार करती रही। साइकिल तो उन्हें मिली लेकिन तब जब तक उनका यह शिक्षा सत्र समाप्त होने वाला था। इस साल तो जुलाई माह में ही बेटियों को साइकिल मिल गई। इस वर्ष चुनाव होने हैं जिसके चलते किसी काम में ढिलाई नहीं बरती गई। अलवर जिले के अधिकतर सरकारी स्कूलों में साइकिलें वितरित हो गई हैं। बेटियां खुश हैं कि अब उन्हें समय पर साइकिल मिली हैं। साइकिल से स्कूल जाएंगी और अपने घर वापस लौटेंगी।
सारी योजनाएं समय पर हो रही क्रियान्वित
शिक्षा विभाग में इन दिनों सभी कल्याणकारी योजनाओं को समय पर निपटाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इस वर्ष सामान्य वर्ग की बोर्ड परीक्षाओं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाली छात्राओं को प्रदेश में 400 स्कूटी देने की योजना है।
इस योजना में स्कूटी नहीं मिलने वाली छात्राओं को 15 हजार रुपए की नगद राशि प्रदान की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी अरुणेश सिन्हा का कहना है कि सभी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति भी समय पर दी जा रही है। यह एक सामान्य प्रक्रिया है।
अलवर जिले को मिली 7770 साइकिलें
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी वेद प्रकाश गुप्ता का कहना है कि इस वर्ष अलवर जिले को 7 हजार 770 साइकिल मिली हैं। ये कक्षा नवीं में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को मिली हैं जिनमें रैणी में 900, राजगढ़ में 1180, रामगढ़ में 1350, लक्ष्मणगढ़ में 1560, खैरथल में 1020,
कठूमर में 1300 और अलवर में 460 साइकिल वितरित की गई।
Published on:
19 Jul 2018, 8:59 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.