5 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पहले दिन जिले में 55 केन्द्रों पर आयोजित हुई पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा, ये रहे शहर के हालात

आज भी दो पारियों में होगी परीक्षा
2 min read
Google source verification

अलवर

image

Prem Pathak

Jul 15, 2018

Alwar Police Constable Recruitment Examination conducted at 55 center

पहले दिन जिले में 55 केन्द्रों पर आयोजित हुई पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा, ये रहे शहर के हालात

अलवर. नकल गिरोह के साये में शनिवार को जिले में पुलिस कांस्टेबल भर्ती-2018 की लिखित परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा के दौरान केन्द्रोंं पर जमकर कैंचियां चली। जो अभ्यर्थी पूरी बाजू की शर्ट पहनकर आए, उनकी शर्ट की बाजू परीक्षा से पूर्व काटी गई।
पुलिस ने एक-एक अभ्यर्थी की गहनता से तलाशी ली। इस दौरान कई अभ्यर्थियों की शर्ट तक उतरवा ली गई। उनके जूते-चप्पल परीक्षा केन्द्र के बाहर रखवाए गए। महिलाओं के हाथों से चूड़ी, कलाया व सिर से दुपट्टा भी उतरवा लिए गए। इतना ही नहीं सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरों व जैमर से नजर रखी गई। इस दिन सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा केन्द्रों वाले क्षेत्रों में डिजीटल कफ्र्यू रहा। इस दौरान इंटरनेट, व्हाट्सअप, फेसबुक आदि बंद रहे। खुद जिला पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा के दौरान कई केन्द्रों का निरीक्षण किया। इससे पूर्व शुक्रवार रात भी पुलिस ने संदिग्धों पर नजर रखी। इस दौरान कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पहले दिन परीक्षा में 51 हजार 553 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा रविवार को भी दो पारियों में आयोजित होगी।

दो और संदिग्धों से की पूछताछ

परीक्षा मेें नकल कराने एवं अभ्यर्थियों को पास कराने के नाम पर खैरथल में ठगी करने वाले तीन लोगों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अलवर मेें भी शुक्रवार देर रात दो संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इनमें से एक बाबूशोभाराम कॉलेज का सेवानिवृत्त प्रोफेसर व दूसरा एक स्कूल संचालक बताया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक राहुल प्रकाश ने बताया कि शुक्रवार रात सूचना मिली कि स्वराज स्कूल का संचालक मनोज भार्गव व बाबू शोभाराम कॉलेज का एक सेवानिवृत्त प्रोफेसर पीसी मीणा पेपर लीक करने का झांसा देकर ठगी का प्रयास कर रहे हैं। कई परीक्षार्थी इनके सम्पर्क में हैं। इस पर दोनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। फिलहाल इनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। पूछताछ की जा रही है।

देरी से पहुंचे तो परीक्षा से रहे वंचित

परीक्षा में शामिल होने आए कई अभ्यर्थियों को केन्द्र पर देरी से पहुंचने के चलते परीक्षा से वंचित रहना पड़ा। ऐसी स्थिति प्रथम पारी में अधिक रही। परीक्षा के दौरान कई अभ्यर्थी सुबह 9.30 बजे बाद केन्द्र पर पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने प्रवेश नहीं दिया। इसके चलते इन्हें बिना परीक्षा दिए मायूस लौटना पड़ा। दरअसल, पुलिस ने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले तक परीक्षा केन्द्र पर पहुंचना अनिवार्य किया। इसके बावजूद कई अभ्यर्थी इसके बाद परीक्षा केन्द्र पर पहुंचे, जिन्हें प्रवेश नहीं दिया गया।

फैक्ट फाइल

पहले दिन प्रथम पारी में बैठने थे अभ्यर्थी - 28 हजार 895
प्रथम पारी की परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी - 24 हजार 709
अनुपस्थित अभ्यर्थी— 4186
उपस्थित प्रतिशत- 85.80
पहले दिन दूसरी पारी में बैठने थे अभ्यर्थी - 28 हजार 896
दूसरी पारी में शामिल हुए अभ्यर्थी - 26 हजार 844
अनुपस्थित अभ्यर्थी- 2052
उपस्थित प्रतिशत - 93.22
इंटरनेट सेवाएं बंद रही - सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक
परीक्षा केन्द्र बनाए - 55
अलवर शहर में परीक्षा केन्द्र बनाए - 25
नकल करते पकड़ा - कोई नहीं

इन ट्रेनों मेें हुई चेन पुलिंग

जयपुर-अलवर होलीडे स्पेशल ट्रेन, पूजा एक्सप्रेस, रानीखेत एक्सप्रेस व बरेली-जयपुर एक्सप्रेस।