18 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar News: अलवर में पानी की किल्लत, महिलाओं ने बस स्टैंड रोड पर लगाया जाम

अलवर शहर में पानी की किल्लत से परेशान महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। भैरू का चबूतरा, धाबाईजी का मोहल्ला और रथखाना मोहल्ले की महिलाएं बस स्टैंड पहुंचीं और सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। महिलाओं ने जलदाय विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर जल्द पानी सप्लाई बहाल करने की मांग की।
2 min read
Google source verification
alwar water shortage

पानी की किल्लत पर रोड जाम

अलवर शहर के भैरू का चबूतरा, धाबाई जी का मोहल्ला और रथखाना मोहल्ले में पिछले कई दिनों से पानी की समस्या बनी हुई है। पानी की नियमित सप्लाई नहीं होने से परेशान महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं बस स्टैंड पहुंचीं और सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। महिलाओं ने जलदाय विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द से जल्द पानी की सप्लाई बहाल करने की मांग की।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि उनके घरों में पिछले कई दिनों से पानी नहीं आ रहा है। पानी के बिना घर के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। पीने के पानी की जरूरत पूरी करने के लिए लोगों को मजबूरी में निजी टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। महिलाओं ने बताया कि टैंकरों के लिए उन्हें महंगे दाम चुकाने पड़ रहे हैं, जिससे परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

सड़क पर वाहनों की लंबी कतार

स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में करीब 10 दिन से पानी का संकट बना हुआ है। इस संबंध में कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायत की गई, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि अधिकारियों को लगातार समस्या की जानकारी देने के बावजूद पानी की सप्लाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ।

पानी की समस्या को लेकर महिलाओं के प्रदर्शन के कारण बस स्टैंड के बाहर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क पर महिलाओं के बैठने से रोडवेज बसों समेत अन्य वाहन भी जाम में फंस गए। इससे बसों में सफर करने वाले यात्रियों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ देर तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

समझाइश के बाद खुला जाम

जाम की सूचना मिलते ही अलवर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद जलदाय विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और महिलाओं से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। महिलाओं ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखी और कहा कि जब तक पानी की समस्या के समाधान का भरोसा नहीं मिलता, तब तक वे जाम नहीं खोलेंगी।


करीब एक डेढ़ घंटे तक समझाइश और बातचीत के बाद अधिकारियों ने संबंधित पंप हाउस का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जल्द पंप शुरू कर क्षेत्र में पानी की सप्लाई बहाल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद महिलाओं ने जाम खोल दिया और यातायात व्यवस्था सामान्य हुई। महिलाओं ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि जल्द पानी की सप्लाई नियमित नहीं की गई तो वे दोबारा सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगी। स्थानीय लोगों ने भी जलदाय विभाग से पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।