7 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

भिवाड़ी में हुए गैंगरेप को लेकर हुआ चौंकाने वाला खुलासा, पुलिस ने हाई प्रोफाइल हनीट्रैप रैकेट का किया पर्दाफाश

दिल्ली पुलिस ने एक हाई प्रोफाइल हनीट्रैप रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंगरेप के एक मामले को पैसे लेकर रफा-दफा करने के मामले का खुलासा किया है।
3 min read
Google source verification

अलवर

image

kamlesh sharma

Jun 11, 2018

bhiwadi gangerape case

भिवाड़ी। दिल्ली पुलिस ने एक हाई प्रोफाइल हनीट्रैप रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंगरेप के एक मामले को पैसे लेकर रफा-दफा करने के मामले का खुलासा किया है। यह गैंगरेप की घटना गत 5 मई को भिवाड़ी के एक होटल में हुई थी। चौंकाने वाली बात यह है कि 251 रुपए में मोबाइल फोन लॉच कर तहलका मचा देने वाली कंपनी के मालिक मोहित गोयल को गैंगरेप के आरोपितों से पैसे वसूलते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को राजधानी दिल्ली के नेताजी सुभाष प्लेस स्थित एक शॉपिंग मॉल में गैंगरेप की शिकायत करने वाली महिला, मोहित गोयल और उसके एक अन्य साथी विकास मित्तल को आरोपितों से 25 लाख रुपए लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

परिजनों ने कर दी पीडि़ता की धुनाई
शॉपिंग मॉल में गैंगरेप के आरोपितों से मामले को रफा-दफा करने के नाम पर पैसे वसूलते हुए महिला सहित तीनों सीसीटीवी में भी कैद हुए हैं। जैसे ही पुलिस वसूली कर रही कथित गैंगरेप पीडि़ता को लेकर शॉपिंग मॉल से बाहर निकलने लगी तो गुस्साए आरोपितों के घरवालों ने उसकी जमकर धुनाई कर डाली। यहां तक कि पुलिस को घरवालों के हाथों कथित गैंगरेप पीडि़ता को छुड़ाने में भी खासी मशक्कत करनी पड़ी।

धनपतियों को हनीट्रैप में फंसा करते हैं वसूली
पुलिस ने आशंका जताई है कि मोहित गोयल अपने अन्य साथियों के साथ हाई प्रोफाइल हनीट्रैप रैकेट चलाता है। रैकेट की महिला सदस्य अमीर कारोबारियों को फंसाती है, फिर केस वापस लेने के नाम पर आरोपितों से करोड़ों रुपए वसूले जाते हैं। घरवालों ने महिला और उसके साथियों से मोबाइल पर पैसे के लेन-देन को लेकर हुई पूरी बातचीत की कॉल रिकॉर्ड भी पुलिस को सौंपी है। पुलिस शॉपिंग मॉल में लगे सीसीटीवी के फुटेज, 25 लाख रुपए की रकम और कई अन्य दस्तावेज जब्त कर महिला से पूछताछ कर रही है।

गैंगरेप आरोपितों से वसूले जा चुके 1.1 करोड़ रुपए
वहीं गैंगरेप के आरोपितों के परिजनों का कहना है कि कथित पीडि़ता अपने साथियों के साथ पैसे की उगाही के लिए उन पर लगातार दबाव बना रही थी। पीडि़ता और उसके साथियों ने आरोपितों के परिवार के सामने पहले 10 करोड़ रुपए की डिमांड रखी। मामले को रफा-दफा करने के लिए आरोपितों का परिवार गैंगरेप की शिकायत करने वाली महिला को 2.5 करोड़ रुपए देने को तैयार हो गए।

पुलिस के मुताबिक गैंगरेप की शिकायत करने वाली महिला ने अब तक आरोपित परिवार से 1.1 करोड़ रुपए की वसूली कर ली है। परिवार वालों के मुताबिक शिकायत करने वाली महिला कुछ महीने पहले आरोपितों के संपर्क में आई और उसने बताया कि वह इवेंट मैनेजमेंट का काम करती है।

जिसके बाद एक इवेंट के सिलसिले में महिला पांचों आरोपितों के साथ भिवाड़ी आई, जहां वे एक होटल में ठहरे और अगले ही दिन महिला ने पांचों के खिलाफ गैंगरेप का केस दर्ज करा दिया। केस दर्ज कराने के कुछ ही समय बाद महिला और उसके साथियों ने आरोपितों के परिवार वालों से संपर्क कर पैसे लेकर केस वापस लेने का प्रस्ताव रखा।

ऐसे फंसे हनीट्रैप रैकेट के मास्टरमाइंड
परिवार वाले केस रफा-दफा करने के लिए उन्हें पैसे देने को राजी हो गए, लेकिन पहली पेशगी लेने के बाद जब डिमांड और बढऩे लगी तो परिवार वालों को इन पर शक हुआ। फिर आरोपितों के परिजनों ने नेताजी सुभाष प्लेस पुलिस से इसकी शिकायत की। पुलिस ने बताया कि रविवार को वह अपने साथियों के साथ गैंगरेप आरोपित से 30 लाख रुपए की वसूली करने नेताजी सुभाष प्लेस के शॉपिंग मॉल में आई थी।

पुलिस ने तीनों को आरोपितों के हाथों 25 लाख की रकम लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का मानना है कि पूरा मामला हाई प्रोफाइल हनीट्रैप रैकेट का हो सकता है, जिसमें पहले बड़े-बड़े कारोबारियों को फंसाया जाता है, फिर मोटी रकम वसूली जाती है। पुलिस का कहना है कि तफ्तीश जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी वैसे-वैसे केस की परतें खुलेंगी, इसमें कई और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।