15 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Bhiwadi: भिवाड़ी में 1.5 करोड़ की कॉपर कॉइल चोरी, गार्ड पर आरोप

भिवाड़ी के रीको इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के कॉपर डिपो से करीब 1.50 करोड़ रुपए की कॉपर कॉइल चोरी होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सुरक्षा गार्ड ने गनमैन और कर्मचारी को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश किया और साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया।
2 min read
Google source verification
bhiwadi hindalco copper coil theft

भिवाड़ी पुलिस (फोटो - पत्रिका)

राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी में करीब 1.50 करोड़ रुपए की कॉपर कॉइल चोरी का मामला सामने आया है। चोरी रीको इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कॉपर डिपो गोदाम से हुई। आरोप सुरक्षा एजेंसी के एक गार्ड पर लगा है। पुलिस ने वेयर हाउस इंचार्ज की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के वेयर हाउस इंचार्ज महेश चंद्र शर्मा ने बताया कि गोदाम की सुरक्षा की जिम्मेदारी भारत सिक्योरिटी ग्रुप एजेंसी के पास है। 9 सितंबर की रात करीब 12 बजे गोदाम पर सुरक्षा गार्ड रामनारायण, गनमैन मुकेश कुमार और कंपनी का वर्कर बालमुकुंद ड्यूटी पर मौजूद थे। आरोप है कि गार्ड रामनारायण ने साजिश के तहत कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर गनमैन मुकेश और वर्कर बालमुकुंद को पिला दिया। इसके बाद दोनों बेहोश होकर गिर गए।

गाड़ी लेकर गोदाम में पहुंचे लोग

शिकायत के मुताबिक दोनों कर्मचारियों के बेहोश होने के बाद कुछ अज्ञात लोग गाड़ी लेकर गोदाम के अंदर पहुंचे। आरोप है कि गार्ड रामनारायण ने उनके साथ मिलकर गोदाम में रखी कॉपर कॉइल को गाड़ी में लोड करवाया। चोरी की गई कॉपर कॉइल की अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपए बताई गई है। वारदात के बाद सभी लोग मौके से फरार हो गए।

CCTV कैमरे भी तोड़े

अगली सुबह 10 सितंबर को वेयर हाउस इंचार्ज महेश चंद्र शर्मा गोदाम पहुंचे। उस समय गनमैन और कर्मचारी होश में आए और उन्होंने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद गोदाम की जांच की गई तो कॉपर कॉइल गायब मिली। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए थे। ताकि इस पूरे घटनाक्रम को छुपाया जा सके और पुलिस को जांच में कोई सबूत नहीं मिले।

आरोपी गार्ड का नहीं मिला सुराग

वारदात के बाद आरोपी बताए जा रहे गार्ड रामनारायण से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 12 सितंबर को वेयर हाउस इंचार्ज की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वारदात में शामिल लोगों की तलाश के साथ चोरी की गई कॉपर कॉइल और घटना में इस्तेमाल वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।