6 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अलवर के इस बालिका स्कूल में अपराधी पढेंगे कानून का पाठ, पुलिस ने शुरु की तैयारियां

अलवर के बालिका स्कूल में अब अपराधी कानून का पाठ पढेंगे।
2 min read
Google source verification

अलवर

image

Prem Pathak

Jun 15, 2018

Criminals will learn lesson of law in schools in alwar

अलवर के इस बालिका स्कूल में अपराधी पढेंगे कानून का पाठ, पुलिस ने शुरु की तैयारियां

बहरोड़. शीर्षक पढकऱ शायद आप चौंक जाएं, लेकिन यह सच है। ग्राम नारेड़ा के राजकीय बालिका विद्यालय भवन में अब अपराधी कानून का पाठ पढ़ेंगे। बालिका विद्यालय बंद होने के बाद से खाली पड़े इस भवन में बहरोड़ आबकारी थाना शिफ्ट कर दिया गया है। अब यहां ‘क’ से कबूतर की जगह अवैध शराब के धंधे में लिप्त अपराधियों को कानून का पाठ पढ़ाया जाएगा। साथ ही आबकारी थाने को स्कूल का बड़ा भवन मिलने से जब्त माल व वाहनों को रखने व स्टाफ के रहने की समस्या से भी निजात मिल सकेगी।

बहरोड़ आबकारी थाना अब तक अलवर रोड के पास किराए के भवन मे चल रहा था। जहां पर जगह और सुविधाओं का अभाव बना हुआ था। जिसके कारण ना तो स्टाफ के रहने व सोने के लिए जगह थी और ना ही जब्त शराब को रखने की जगह होती थी। जिसके कारण आबकारी थाना स्टाफ को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जिससे परेशान होकर आबकारी निरीक्षक ने उपखण्ड प्रशासन के माध्यम से ग्राम नारेड़ा के बालिका स्कूल के बंद होने से खाली पड़े स्कूल भवन को आबकारी थाने के लिए देने की मांग की। जिस पर जिला कलक्टर ने स्कूल भवन मे आबकारी थाना संचालन के लिए स्वीकृति दे दी। जिसके बाद से दो दिन पूर्व से आबकारी थाना बहरोड़ से किराए का भवन खाली कर स्कूल मे शुरू हो गया है।

चार बीघा जमीन में आधुनिक भवन

आबकारी विभाग के कार्यालय व स्टाफ के निवास के लिए सरकार ने विभाग को नारेड़ा के पास ही 4 बीघा भूमि आवंटित कर दी है। जिसमें आबकारी सर्किल कार्यालय, उद्योगों के लिए जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय भवन व स्टाफ के लिए आवास बनाने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेज रखा है। जिस पर जल्द स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। जिसके बाद से आबकारी विभाग के सभी कार्यालय एक जगह होंगे और सुविधाओं युक्त भवन मिलने से कामकाज में हो रही परेशानी से निजात मिलेगी।

खाली भवनों का हो सकेगा इस्तेमाल

ग्राम नारेड़ा मे बंद पड़े स्कूल भवन को आबकारी थाना को देने से जर्जर हो रहे भवन की देखरेख हो सकेगी। वहीं, भवन अभाव झेल रहे थाने को बड़ा भवन मिलने से परेशानी से निजात मिलेगी। क्षेत्र में सरकारी स्कूलों में कम बच्चे होने से मर्ज होने से बड़ी संख्या में नए बने स्कूल भवन खाली पड़े हैं। जिनको अन्य सरकारी विभागों को देने से नए भवन बनाने में लगने वाले लाखों रुपए बचेंगे और भवन भी सुरक्षित रह पाएंगे।

बहरोड़ आबकारी थाना किराए के छोटे भवन मे चल रहा था। अब नारेड़ा का बड़ा स्कूल भवन मिलने से सुविधाएं मिलेगी और पास ही अलॉट हुई 4 बीघा भूमि मे आबकारी कार्यालय व अन्य भवन बनाने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेज रखा है। जो जल्द शुरू होंगे।
लोकेश यादव, आबकारी निरीक्षक, बहरोड़।