
मृतक त्रिलोक। फाइल फोटो- पत्रिका
बहरोड़। उपखंड के कांकरदोपा गांव में उस समय मातम पसर गया, जब खाटूधाम मेले में पैदल जा रहे त्रिलोक (33) की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार कांकरदोपा निवासी सुंदरलाल के पुत्र त्रिलोक (उर्फ बोस) अपने गांव के अन्य श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ बाबा श्याम का ध्वज (निशान) लेकर पैदल यात्रा पर निकले थे।
यह जत्था सीकर जिले के कांवट के समीप पहुंचा, तो अचानक त्रिलोक की तबीयत बिगड़ने लगी। साथियों ने घबराहट में उन्हें तुरंत कांवट के अस्पताल में भर्ती कराया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सीकर रेफर कर दिया। सीकर में इलाज के दौरान त्रिलोक की मौत हो गई। त्रिलोक के एक बेटा और एक बेटी है। गांव में जैसे ही यह खबर पहुंची तो घर में कोहराम मच गया।
यह वीडियो भी देखें
त्रिलोक के निधन की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। चिकित्सकों ने शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक को मौत की वजह बताया है, लेकिन सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Updated on:
25 Feb 2026 06:33 pm
Published on:
25 Feb 2026 06:33 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
