4 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar: मालाखेड़ा में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग, गोली लगने से एक गंभीर घायल

अलवर जिले के मालाखेड़ा में जमीन विवाद को लेकर शुरू हुए झगड़े में गोलियां और पत्थर चले, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
2 min read
Google source verification
malakheda firing

फायरिंग करते पुरुष व पत्थर फेंकती महिला (फोटो - पत्रिका)

अलवर के मालाखेड़ा थाना इलाके के बडेर गांव में जमीन के एक टुकड़े को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद इस कदर बढ़ गया कि बात सीधे लाठी-डंडों, पथराव और खुलेआम फायरिंग तक पहुंच गई। इस हिंसक झड़प में एक व्यक्ति के पैर में गोली लग गई, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है।

पहले से चला आ रहा विवाद

स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक इस खूनी संघर्ष में आमने-सामने आए दोनों पक्ष कोई और नहीं, बल्कि आपस में सगे भाई और करीबी रिश्तेदार हैं।

इन दोनों भाइयों के बीच काफी लंबे समय से पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर आपसी मनमुटाव और कानूनी विवाद चल रहा था। बीते सोमवार को एक पक्ष ट्रैक्टर लेकर विवादित खेत को जोतने के लिए पहुंच गया। जब दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया, तो पहले उनके बीच तीखी कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर लाठी-डंडों से मारपीट में बदल गई।

एक गोली पैर में लगी

इसी दौरान विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने अवैध हथियारों से खुलेआम फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी की इस वारदात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बंदूक लेकर बेखौफ होकर गोलियां चलाई जा रही हैं। वहीं दूसरी तरफ से महिलाएं खुद को बचाने और हमलावरों को खदेड़ने के लिए पत्थरबाजी कर रही हैं। इसी आपाधापी और फायरिंग के बीच एक गोली सीधे पीड़ित के पैर में जा लगी।


घायल अलवर से जयपुर रैफर

गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति को ग्रामीणों और पुलिस की मदद से तुरंत मालाखेड़ा के स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अलवर के जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

हालांकि, अलवर अस्पताल में भी खून अधिक बह जाने और हालत चिंताजनक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल रेफर कर दिया है, जहां फिलहाल उसका इलाज जारी है। मालाखेड़ा थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।

ग्रामीणों से फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों पक्षों के बीच झगड़ा और फायरिंग हो चुकी थी। मामले की जांच जारी है - हरदयाल सिंह, थाना प्रभारी, मालाखेड़ा