16 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Neemrana: नीमराणा में पुलिस हिरासत पर बवाल, थाने में देर रात तक धरना; विधायक भी बैठे

नीमराणा में नगर पालिका चुनाव के बाद मंगलवार देर शाम एक होटल संचालक को पुलिस हिरासत में लेने के मामले ने तूल पकड़ लिया। वार्ड 5 की निर्दलीय पार्षद सुमन देवी के जेठ चंदन सैनी को हिरासत में लिए जाने की सूचना पर सैकड़ों ग्रामीण थाने पहुंच गए और देर रात तक धरना दिया।
2 min read
Google source verification
neemrana lalit yadav

थाने के बाहर लोगों की भीड़ व विधायक ललित यादव (फोटो - पत्रिका)

नीमराणा नगर पालिका चुनाव के बाद मंगलवार देर शाम हाईवे स्थित आयुष होटल के संचालक चंदन सैनी को पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद मामला गरमा गया। चंदन सैनी वार्ड 5 से निर्दलीय पार्षद चुनी गईं सुमन देवी के जेठ बताए जा रहे हैं। पुलिस कार्रवाई की सूचना मिलते ही प्रतापसिंहपुरा और माधोसिंहपुरा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष नीमराणा थाने पहुंच गए।

ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए थाने का घेराव कर धरना शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि चंदन सैनी को रिहा किया जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि उन्हें किस मामले में हिरासत में लिया गया है। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस को कार्रवाई का कारण सार्वजनिक करना चाहिए।

पुलिस ने होटल संचालक के साथ होटल के कुछ कर्मचारियों को भी थाने लाया था। ग्रामीणों के दबाव के बाद होटल के कर्मचारियों को छोड़ दिया गया, लेकिन चंदन सैनी को हिरासत में रखे जाने का विरोध जारी रहा। देर रात तक महिलाएं और पुरुष थाना परिसर में धरने पर बैठे रहे।

पैसे बांटने की शिकायत पर कार्रवाई का पुलिस का दावा

डीएसपी कृष्ण कुमार यादव के अनुसार पुलिस को शिकायत मिली थी कि चुनाव के दौरान आयुष होटल में प्रत्याशी समर्थकों को पैसे बांटे जा रहे हैं। पुलिस ने इसी सूचना के आधार पर होटल संचालक और वहां मौजूद स्टाफ को थाने लाकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही थी और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जानी थी। एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही थी।

वहीं, प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए और चंदन सैनी को तत्काल छोड़ने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक हिरासत में लिए गए व्यक्ति को नहीं छोड़ा जाता, तब तक धरना जारी रहेगा।

विधायक ललित यादव भी थाने पहुंचे

मामले की सूचना मिलने पर मुंडावर विधायक ललित यादव भी नीमराणा थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक दबाव से जोड़कर आरोप लगाए। विधायक ने कहा कि चंदन सैनी को छोड़े जाने तक वह ग्रामीणों के साथ धरने पर रहेंगे। इसके बाद वे भी थाना परिसर में मुख्य द्वार के पास धरने पर बैठ गए।

धरने में उप चेयरमैन हरिसिंह सैनी, देशराज सैनी, अनिल सैनी, कुंदन लाल सैनी, किशोरी लाल सैनी, संजय जंगली, रामओम प्रकाश, शीला, माया, सावित्री देवी, लाडो देवी, भगवती, विद्या देवी, विमला देवी, संतोष देवी, सुनीता देवी और राजबाला सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौजूद रहे।


रात करीब एक बजे खत्म हुआ धरना

मामले को लेकर देर रात तक ग्रामीण और पुलिस अधिकारियों के बीच बातचीत चलती रही। बढ़ते विरोध को देखते हुए आखिरकार रात करीब एक बजे हिरासत में लिए गए होटल संचालक को भी छोड़ दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।


13 पार्षदों के समर्थन की जरूरत

नीमराणा नगर पालिका के 25 वार्डों के चुनाव परिणाम में भाजपा के 8, कांग्रेस के 7 और निर्दलीय 10 प्रत्याशी विजयी रहे हैं। वार्ड 5 से निर्दलीय सुमन देवी विजयी हुई हैं। उपलब्ध चुनाव परिणाम के अनुसार उन्होंने 522 वोट हासिल किए। पालिका अध्यक्ष पद के लिए 13 पार्षदों के समर्थन की जरूरत है।