
CG Accident
CG Accident: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में कार और पिकअप के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें अंबिकापुर स्थिति मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। पिकअप के सामने का हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। घटना सूरजपुर के प्रतापपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
गौरतलब है कि प्रतापपुर-अंबिकापुर मार्ग पर मंगलवार की देर रात करीब 11 बजे गोटगवां के पास कार और पिकअप में जबरदस्त टक्कर हुई है। बताया जा रहा है कि गोवर्धनपुर गांव से 4 युवक कार क्रमांक CG 29 AE 7704 में सवार होकर अंबिकापुर जा रहे थे। तभी ये हादसा हुआ।
वहीं, कुछ लोग गोटगवां के पास टमाटर लोडकर पिकअप क्रमांक UP 64 AT 6380 से बनारस जा रहे थे। कार और पिकअप की आमने-सामने से इतनी जोरदार भिड़ंत हुई कि हादसे के बाद कार के चारों एयर बैग खुल गए थे। इसके बावजूद कार में सवार गोवर्धनपुर निवासी प्रियांशु पटेल (24), दीपक पटेल (23), पुष्पेंद्र भाई पटेल (21) मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दो घायलों की हालत गंभीर है। वहीं, कार में सवार बटई निवासी चौथा युवक विनय यादव (21) और पिकअप चालक विक्रम सिंह (42) निवासी फुंदुरडीहारी की हालत गंभीर है। दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
Updated on:
4 Dec 2024, 3:11 PM IST
Published on:
4 Dec 2024, 3:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.