
BJP divisional meeting
अंबिकापुर. सीएम की विकास यात्रा के दूसरे चरण में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी शामिल होंगे। इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए रविवार को भाजपा की संभाग स्तरीय बैठक राजमोहिनी भवन में आयोजित की गई। 10 जून की सुबह 11 बजे से अमित शाह के रोड शो व आमसभा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भव्यता प्रदान करने के लिए रणनीति तैयार की गई और कार्यकर्ताओं, मोर्चा के सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को भी लक्ष्य दिया गया।
भाजयुमो जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह का स्वागत 30 हजार बाइक रैली के माध्यम से करेगी। वहीं सभी जिले के अलग-अलग मोर्चे के प्रमुखों को भी आम नागरिकों को इस कार्यक्रम तक लाने की जिम्मेदारी सौपी गई है। 10 जून को पूरे सरगुजा संभाग को भाजपामय बनाने की तैयारी बैठक में प्रदेश नेतृत्व द्वारा की गई।
विकास यात्रा व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर रविवार को राजमोहिनी भवन में संभागीय बैठक आयोजित की गई। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि पूरे प्रदेश में विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की यह पहली आमसभा व रोड शो कार्यक्रम है।
उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री की आमसभा में 50 हजार से अधिक लोगों की भीड़ जुटती है तो हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जिनका कोई भी कार्यक्रम न केवल देश बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर का होता है। उसमें कम से कम 2 लाख की सहभागिता होनी चाहिए। सरगुजा की इस पावन जमीं पर नरेंद्र मोदी के लिए लाल किला बनाया गया था, तब अधिकांश लोगों ने इसकी हंसी उड़ाई थी।
लेकिन यहां बना लाल किला नकली नहीं असली थी और यहीं से पूरे देश मेें नरेन्द्र मोदी के पक्ष में एक लहर बनी। वेे प्रधानमंत्री बने व लाल किले से तिरंगा फहराया। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विधानसभा के लिए 65 प्लस का लक्ष्य दिया है और जब वे यहां आ रहे हैं तो समझ लीजिए कि 2018 में छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से डॉ रमन सिंह की सरकार बनने जा रही है।
जनता का विश्वास आज भी भाजपा के साथ बना हुआ है। इसलिए विकास यात्रा के दौरान तपती गर्मी के दौरान भी लोगों की भीड़ नजर आती है। सरगुजा की धरती से पूरे प्रदेश का माहौल बदलेगा और जिसकी भी सोच ना-नुकुर की है वह भी इस सभा के बाद भाजपा के बारे में सोचेगा। इसलिए हम सभी की जिम्मेदारी बढ़ जाती है।
हम राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन की सोच रहे हैं उसे धरातल पर लाने का समय आ चुका है। यहां से जाने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष देश में जहां भी कार्यक्रम में शामिल हों तो उनके मुख पर सरगुजा की इस आमसभा का नाम होना चाहिए। प्रत्येक बूथ के कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में शामिल हों, भले ही वह किसी भी कारण से हमसे नाराज हों लेकिन उसे कार्यक्रम तक लाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। इसके लिए साधन, संसाधन सबकुछ देना होगा।
इसकी जिम्मेदारी जिले के प्रभारियों की होगी। कार्यक्रम में सरगुजा लोककला की गूंज होनी चाहिए। इस दौरान बस्तर से लेकर सरगुजा व रायपुर के कलाकार भी शामिल होंगे, लेकिन इनमें भी सरगुजा की छाप नजर आनी चाहिए।
इस दौरान प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय, रामप्रताप सिंह, राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, केके राय, खेल मंत्री भइयालाल राजवाड़े , सांसद कमलभान सिंह, सचिदानंद उपासने, विकास यात्रा के संभागीय प्रभारी अनुराग सिंहदेव, संसदीय सचिव चम्पा देवी पावले, विधायक श्यामबिहारी जायसवाल, अखिलेश सोनी, भीमसेन अग्रवाल, बाबूलाल गोयल, केके शुक्ला, सिद्धनाथ पैंकरा, अनिल सिंह मैजर, अंबिकेश केशरी, जन्मजेय मिश्रा, निश्चल सिंह, रितेश गुप्ता, विद्यानंद मिश्रा, शैलेष सिंह, संजय गुप्ता, संतोष बिहाड़े, रिंकू वर्मा, तजिन्दर सिंह बग्गा, मंजूषा भगत, सिद्धेश्वरी पैकरा सहित अन्य उपस्थित थे।
73 मंडल के 3584 बूथ से शामिल होंगे कार्यकर्ता
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि कार्यक्रम में 14 विधानसभा क्षेत्र के ७३ मंडल के 3584 बूथ के कार्यकर्ता इसमें शामिल हों, ऐसी व्यवस्था करनी है। कोई भी चुनाव बूथ स्तर पर जीती जाती है।
प्रत्येक बूथ से अगर 50 कार्यकर्ता भी रोड-शो व आमसभा में शामिल होते हैं तो कम से कम बूथ से ही 1 लाख 80 हजार कार्यकर्ता आमसभा में शामिल होंगे। ऐसे में यह भीड़ 2 लाख तक पहुंच जाएगी। जिस सभा में मुख्यमंत्री कोई भी घोषणा करते हैें और तालियां कम बजती हैं तो यह समझ में आ जाता है कि इसमें कार्यकर्ता काफी कम हैं।
60 प्रतिशत महिलाएं होंगी सभा में शामिल
धरमलाल कौशिक ने कहा कि पांच जिले से कम से कम 25 हजार महिला मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल होने चाहिए। सभी एक रंग की साड़ी में बैठी नजर आएंगीं तो सभी का फोकस उनकी तरफ होगा। उन्होंने महिला मोर्चा के अध्यक्षों से कहा कि ऐसा कोई भी आश्वासन न दें जो झूठा साबित हो। बल्कि वहीं बोलें जो हकीकत में धरातल में आप कर सकें।
पीएम से भी बड़ी होती है फ्लैक्स में फोटो
राज्यसभा सासंद रामविचार नेताम ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के नेता का यह पहला आम सभा कार्यक्रम अंबिकापुर में हो रहा है। अगर इसमें कोई कमी रह गई तो इतिहास हमें कभी माफ नहीं करेगा। सरकार होना हम सभी के लिए जरूरी है। आज हम जिस तरह कांग्रेस पर हंस रहे हैं कभी वे हम पर हंसते थे।
उन्होंने कहा कि कई कटआउट ऐसे लगे होते हैं, जिसमें प्रधानमंत्री की फोटो नीचे लगी होती है। जैसे वे विनित कर्ता हैं और बाकी लोगों का ऊपर आशीर्वाद मुद्रा में लगा होता है। इसका ध्यान रखा जाए।
मंत्री भैयालाल पर ली चुटकी
रामविचार नेतानम ने भैयालाल राजवाड़े पर चुटकी लेते हुए कहा कि प्रदेश के भारी-भरकम नेता हैं। आजकल वे सबके दिल अजीज हैं। उनसे यहां पर कहना ठीक नहीं है। बैठक में कुछ पूर्व व कुछ अभूतपूर्व विधायक मौजूद हैं। अभूतपूर्व के श्रेणी में मैं भी हूं।
Published on:
03 Jun 2018 08:05 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
