
Birla school, बिरला स्कूल व छात्र से कॉपी पर लिखवाई गई गाली (Photo- Patrika)
अंबिकापुर। बिरला ओपन माइंड्स स्कूल (Birla Open Minds International School) की शिक्षिका द्वारा 8वीं कक्षा के छात्र को कॉपी में 200 बार मां की गाली लिखने की सजा दी गई थी। यही नहीं, उसने पैरेंट्स से उसपर हस्ताक्षर कराकर लाने भी कहा था। यह मामला सामने आने के बाद छात्र के पिता ने स्कूल प्रबंधन और डीईओ से मामले की शिकायत की। यहां शिक्षिका व छात्र के परिजनों के बीच स्कूल परिसर में नोकझोंक भी हुई। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधन ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
बता दें कि 28 जुलाई को स्कूल में 8वीं कक्षा के 2 छात्रों के बीच लड़ाई हो गई थी। इस दौरान दोनों के बीच मारपीट व गाली-गलौज हुई थी। मामला जब शिक्षिका (Birla school teacher) प्रेरणा तक पहुंचा तो उसने एक छात्र को बतौर सजा 100 बार हिंदी तथा 100 बार इंग्लिश में मां की गाली लिखने की सजा दे दी। इतना ही नहीं, कॉपी परिजनों को दिखाने के उद्देश्य से छात्र को घर भी भेज दिया गया।
परिजनों ने जब कॉपी में मां की गाली लिखी देखी और बच्चे से पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आया। इसके बाद परिजन तत्काल स्कूल पहुंचे और मामले की शिकायत की। वहीं छात्र के पिता की शिकायत पर डीईओ ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सहायक संचालक को जांच का जिम्मा दिया गया है। उनके प्रतिवेदन के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला सामने आने के बाद अभिभावकों और सामाजिक संगठनों में नाराजगी (People angry) फैल गई। घटना के बाद छात्र संगठनों ने भी स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के लिए भेजा जाता है, वह गालियां सीखने या लिखने नहीं जाता।
इधर स्कूल के मार्केटिंग हेड उत्कर्ष किरण ने घटना पर खेद जताते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। संस्था ऐसी घटनाओं को कतई स्वीकार नहीं करती। संबंधित शिक्षिका को निलंबित (Teacher suspended) कर दिया गया है और भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
Updated on:
30 Jul 2026 09:17 pm
Published on:
30 Jul 2026 09:17 pm
