
ATM Machine
अंबिकापुर. यदि आप एटीएम से रुपए निकालने गए और मशीन स्लो काम कर रही हो तो आप तब तक वहां रुकें जब तक आप संतुष्ट न हो जाएं कि आपका ट्रांजेक्शन पूरा हो गया है। वहीं पीछे खड़े व्यक्ति को अपना गुप्त कोड न देखने दें। यदि उसने धोखे से देख भी लिया है तो अपना कोड बदल दें।
ऐसे में आप अपनी जमा पूंजी बचाने में कामयाब हो सकते हैं। यदि आप ऐसा करने में जरा भी लापरवाही बरतते हैं तो बड़ी ठगी का शिकार हो सकते हैं। अंबिकापुर की एक युवती ऐसी ही लापरवाही का शिकार हो गई। चोपड़ापारा स्थित एसबीआई के एटीएम में बैलेंस चेक करने के लिए उसने अपना गुप्त कोड डाला ही था कि पीछे खड़े 2 युवकों ने उससे कहा कि बैलेंस नहीं है।
उनकी बात मानकर युवती वहां से चली गई और चंद मिनट में ही उसके खाते से 9500 रुपए पार हो गए। उसने मामले की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है।
अंबिकापुर के चोपड़ापारा निवासी बृजमोहन लाल वर्मा की पुत्री दिप्ती वर्मा २० वर्ष शुक्रवार की शाम अपने पिता का एटीएम कार्ड लेकर पैसे निकालने चोपड़ापारा स्थित एसबीआई के एटीएम में गई थी। युवती पहले बैलेंस चेक कर रही थी। मशीन काफी स्लो काम कर रहा था।
एटीएम मशीन के पास ही दो युवक और थे। युवकों ने कहा कि मशीन पैसा नहीं दे रहा है। इस पर युवती अपना कार्ड निकाली और दूसरे एटीएम चली गई। युवती ने कलक्टोरेट शाखा जाकर २००० रुपए निकाला। उस दौरान रुपए निकालने का मैसेज उसके मोबाइल पर नहीं आया।
कुछ देर बाद एटीएम से 2000 के अलावा 9500 रुपए निकाले जाने का मैसेज मोबाइल पर आया। यह देख युवती के होश उड़ गए। उसने तत्काल इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद उसने मामले की शिकायत कोतवाली में दर्ज कराई। पुलिस युवती की शिकायत पर चोपड़ापारा स्थित एटीएम का सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
Published on:
07 Oct 2017 10:07 pm
