
People in bank
अंबिकापुर. कोरोना की दूसरी लहर ने कई लोगों की जिंदगियां छीन ली, हजारों लोग संक्रमित हुए। कोरोना संक्रमण (Covid-19) बढऩे का कारण लोगों की लापरवाही नजर आई। बिना सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क के लोग घूमने लगे थे। ऐसे में प्रशासन को जिलेभर में लॉकडाउन लगाना पड़ा।
इस दौरान लोगों का घर से निकलना कम हुआ तो कोरोना कुछ नियंत्रित हुआ। कोरोना संक्रमितों की संख्या में गिरावट देख प्रशासन ने 46 दिन बाद 29 मई को जिले को अनलॉक (Unlock Surguja) किया। प्रशासन ने सोशल डिस्टेसिंग सहित अन्य कोरोना गाइड लाइन का पालन करने की शर्त के साथ सभी दुकान खोल दिए।
लेकिन अब प्रशासन की नाक के नीचे ही कई लोग गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। सबसे ज्यादा भीड़ शहर के मध्य स्थित सहकारी बैंक में उमड़ (Rush in City) रही है। दिनभर उमड़ रही भीड़ को रोकने-टोकने वाला भी कोई नहीं है। यदि ऐसा ही हाल रहा तो कोरोना संक्रमण का प्रसार और बढऩे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है।
कोरोना संक्रमण की चेन तोडऩे सरगुजा जिले में 46 दिन तक सख्त लॉकडाउन लगा। जनता ने इसका पालन भी किया। संक्रमण में तेजी से कमी आने के बाद कलक्टर (Surguja Collector) ने नियम एवं शर्तों के साथ निर्धारित समय के लिए दुकानें खोलने के आदेश दिए। कलेक्टर ने सख्त निर्देश जारी किया कि अनलॉक होने के बाद भी सभी नागरिक कोरोना से बचाव के लिए बनाए गए नियमों का कड़ाई से पालन करेंगे।
वहीं किसी भी संस्था या बाजारों में भीड़ एकत्रित नहीं होगी। क्योंकि हर किसी को पता है कि भीड़ की वजह से ही कोरोना वायरस का सामुदायिक विस्तार होगा। लेकिन जो हालात जिला मुख्यालय स्थित सहकारी केंद्रीय बैंक में देखने को मिल रहा है, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रशासन ने भीड़ पर काबू पाने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया है।
दरअसल सहकारी बैंक में इन दिनों न्याय योजना का रुपया पाने भारी भीड़ उमड़ रही है। भीड़ के हिसाब से सहकारी केंद्रीय बैंक प्रबंधन द्वारा पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई।
ऐसे में एक ओर जहां हितग्राहियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है वहीं बैंक प्रबंधन की लापरवाही से एक बार फिर कोरोना के सामुदायिक विस्तार का खतरा बढ़ गया है। अगर ऐसे ही लापरवाही लगातार बरती गई तो आने वाले दिनों में हर किसी को कोरोना के दुष्प्रभाव का असर झेलना पड़ेगा।
ग्रामीण क्षेत्र से बैंक पहुंच रहे लोग
गौरतलब है कि सहकारी केंद्रीय बैंक में ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्र के लोग लेन-देन करने पहुंचते हैं। जबकि इन दिनों शहरी क्षेत्र की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना का प्रकोप ज्यादा देखने को मिल रहा है। बहरहाल बैंकों में उमडऩे वाली भीड़ पर नियंत्रण पाने के लिए प्रशासन एवं बैंक प्रबंधन को जल्द ही कोई पुख्ता व्यवस्था करनी होगी।
Published on:
03 Jun 2021 01:39 pm
बड़ी खबरें
View Allअंबिकापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
