अहमदाबाद

Gujarat News: जन्मदिन की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं, तालाब में डूबने से चार की दर्दनाक मौत

Four People Drown: राजकोट में 10 वर्षीय सोहन के जन्मदिन पर परिवार के लोग घूमने गए थे। इसके बाद तालाब में नहाने के दौरान चार की डूबने से मौत हो गई।
2 min read
Gujarat News
विलाप करते परिजन। फोटो- पत्रिका

राजकोट। शहर के समीप बेडी गांव से हडमतिया की ओर जाने वाले मार्ग पर वीडिवाला पीर की दरगाह के पास रविवार को घुना तालाब में नहाने उतरे चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे और 18 साल का एक युवक शामिल है। मृतकों में दो सगे भाई भी हैं। एक साथ चार की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार 5 साल का सेफु शोरा अचानक तालाब के गहरे पानी में डूबने लगा।

बचाने के लिए उतरे थे तीनों

उसे डूबता देखकर 10 साल के उसके भाई सोहन शोरा, 10 साल के अलीफा शोरा और 18 वर्ष के साहिल शोरा, तीनों उसे बचाने के लिए तालाब के पानी में कूदे। गहराई अधिक होने के कारण देखते ही देखते चारों पानी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने मौके पर पहुंचकर तालाब में डूबे बच्चों की तलाश शुरू की। हालांकि जब तक उन्हें बाहर निकाला गया तब तक सभी की मौत गई थी।

जन्मदिन ही बन गया जिंदगी का आखिरी दिन

हादसे ने परिवार को ऐसा गहरा जख्म दिया है, जिसे भूल पाना काफी मुश्किल होगा। 10 साल का सोहन शोरा का रविवार को ही जन्मदिन था। जिस दिन घर में खुशियां मननी थीं, उसी दिन मासूम की मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया। जन्मदिन के दिन ही बच्चे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना मिलने पर कुवाडवा रोड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समीप के अस्पताल पहुंचाया है। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू की। अस्पताल में मृत बच्चों के परिजनों के रुदन से माहौल गमगीन हो गया।

युवक समेत चार की मौत

एसीपी भावेश जाधव ने बताया कि हादसा राजकोट के कुवाडवा थाना क्षेत्र में बेड़ी गांव की सीमा में हुआ। 10 वर्षीय सोहन के जन्मदिन पर परिवार के लोग घूमने गए थे। जहां सभी ने खाना खाया और फिर तालाब में नहाने चले गए। पुलिस के अनुसार, तालाब में नहाते समय एक बच्चा डूबने लगा। उसे बचाने के लिए एक युवक और दो बच्चे पानी में उतरे, लेकिन सभी डूब गया। हादसे में युवक समेत चार की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने सभी को पानी से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। एक ही परिवार से जुड़े बच्चों और युवक की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।

Updated on:
16 Aug 2026 09:44 pm
Published on:
16 Aug 2026 09:36 pm