21 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

रावण दहन के बाद अंबाजी में दो गुटों में पथराव, चार घायल

अंबाजी. शक्तिपीठ अंबाजी में विजयादशमी पर मंगलवार रात रावण दहन कार्यक्रम के बाद दो गुटों के बीच झड़प और पथराव हो गया। घटना में एक बालिका, गर्भवती महिला, पुलिसकर्मी और बालक सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अंबाजी के जनरल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं।
2 min read
Google source verification
Stone-pelting between two groups in Ambaji following 'Ravan Dahan'; four injured

अंबाजी में मारपीट व पथराव का वायरल हुआ वीडियो।

अंबाजी. शक्तिपीठ अंबाजी में विजयादशमी पर मंगलवार रात रावण दहन कार्यक्रम के बाद दो गुटों के बीच झड़प और पथराव हो गया। घटना में एक बालिका, गर्भवती महिला, पुलिसकर्मी और बालक सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अंबाजी के जनरल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, अंबाजी में रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग एकत्र हुए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट के साथ पथराव होने लगा। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
पथराव के दौरान एक बालिका की आंख के पास पत्थर लगने से उसे गंभीर चोट आई। वहीं, एक गर्भवती महिला के पेट पर पत्थर लगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तैनात एक पुलिसकर्मी के सिर में भी चोट आई। घटना में एक अन्य बालक भी घायल हुआ। चारों घायलों को उपचार के लिए अंबाजी के जनरल अस्पताल ले जाया गया।

वीडियो और सीसीटीवी फुटेज से तलाश

झड़प और पथराव के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। घटना में शामिल कुछ लोगों के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस वायरल वीडियो और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।

दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण अंबाजी में धार्मिक आयोजन के बाद हुई इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। लोगों ने सार्वजनिक और धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।