नहर किनारे टहल रहीं दो गर्भवती बहनों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिसमें एक की मौत हो गई और दूसरी गंभीर घायल है। हादसे के बाद पुलिस ने कार जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अजमेर/पुष्कर। पुष्कर की बड़ी बस्ती से खरेखड़ी मार्ग पर रविवार को नहर के किनारे टहल रहीं गर्भवती बहनों को तेज गति से आई कार ने टक्कर मार दी। दोनों घायल बहनों को प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रेफर किया गया। यहां छोटी बहन ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि बड़ी बहन को प्राथमिक उपचार के बाद जनाना अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुष्कर थाना पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।
पुलिस के अनुसार रविवार को संतोषी माता की ढाणी, लुहार बस्ती निवासी ओमप्रकाश की बेटी ममता (22) पत्नी नारायण लुहार और प्रियंका उर्फ गुड्डी (21) पत्नी दर्शन लुहार खरेखड़ी रोड पर नहर के किनारे टहल रही थीं। तभी एक तेज रफ्तार कार ने दोनों बहनों को टक्कर मार दी।
लोगों ने दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। यहां प्रियंका ने दम तोड़ दिया। उसकी कोख में पल रहे शिशु की भी मौत हो गई। गर्भवती ममता को प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय जनाना अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। पुष्कर थाना पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।
ओमप्रकाश लुहार ने डेढ़ वर्ष पहले अपनी दोनों पुत्रियों ममता और प्रियंका का विवाह किया था। ममता का ब्यावर निवासी नारायण लुहार के साथ, जबकि छोटी बेटी प्रियंका का अजमेर के गंज, कुत्ताशाला, लुहार बस्ती निवासी दर्शन से विवाह हुआ था। दोनों बहनें अपने पहले प्रसव के लिए पीहर आई हुई थीं। प्रियंका को 8 माह का, जबकि ममता को 6 माह का गर्भ है। रविवार को खाना खाने के बाद खरेखड़ी रोड पर नहर किनारे टहलते समय दर्दनाक हादसा हुआ।
प्रियंका के गंभीर घायल होने की सूचना पर उसका पति दर्शन लुहार और अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। आपातकालीन इकाई में रिश्तेदारों की भीड़ लग गई। चिकित्सकों द्वारा प्रियंका को मृत घोषित करते ही परिजनों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस पहुंची। समझाइश के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया।
प्रियंका की मौत के बाद पति दर्शन लुहार व रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल था। मोर्चरी के बाहर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। देर शाम पुष्कर थाना पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज किया। सोमवार सुबह मृतका का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।