अजमेर

Ajmer News: मंडी से अनाज बेचकर आ रहे किसान की जेब से एक लाख रुपए पार, सदमे में किसान

Ajmer News: अजमेर जिले में अनाज बेचकर घर लौट रहे किसान की जेब से एक लाख रुपए से अधिक की नकदी पार हो गई। राहत की बात यह रही कि उसकी दूसरी जेब में रखे रुपए सुरक्षित बच गए।

1 minute read
Apr 25, 2026
केकड़ी.पीड़ित किसान मोहनलाल।

Ajmer News: अजमेर/केकड़ी। खेतों में दिन-रात मेहनत कर उपजाई अपनी फसल को बेचकर लौट रहे एक किसान की कमाई पर जेबकतरों ने हाथ साफ कर दिया। बस स्टैंड की भीड़भाड़ में शातिर बदमाशों ने किसान की जेब से एक लाख रुपए से अधिक की नकदी पार कर ली। घटना के बाद पीड़ित किसान सदमे में है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

ये भी पढ़ें

किसानों के लिए गुड न्यूज, राजस्थान सरकार ने एक लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद बढ़ाई

कुर्ते की जेब में थे 1 लाख 2 हजार 680 रुपए

जानकारी के अनुसार ग्राम कादेड़ा निवासी मोहनलाल माली कृषि उपज मंडी में फसल बेचने के बाद नकदी लेकर घर लौटने के लिए बस स्टैंड पहुंचे थे। इसी दौरान बस में चढ़ने-उतरने की अफरा-तफरी का फायदा उठाकर अज्ञात जेबकतरे ने उनके कुर्ते की जेब में रखे 1 लाख 2 हजार 680 रुपए निकाल लिए। चोरी इतनी सफाई से की गई कि किसान को इसकी भनक तक नहीं लगी।

कुर्ते की दूसरी जेब में रखे 70 हजार बचे

किसान की दूसरी जेब में करीब 70 हजार रुपए और रखे हुए थे, जो जेबकतरे की नजर से बच गए, अन्यथा नुकसान और बढ़ सकता था। बस से उतरने के बाद जब किसान ने जेब देखी तो नकदी गायब मिली, जिससे वह घबरा गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। हेड कांस्टेबल कालूराम ने जांच शुरू की। पुलिस बस स्टैंड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।

दो नाबालिगों पर जताई आशंका

पीड़ित ने आशंका जताई है कि बस में चढ़ने के दौरान उसके आसपास मंडरा रहे दो नाबालिग लड़कों ने वारदात को अंजाम दिया हो सकता है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना ने भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें

आरटीओ में बड़ा बदलाव: अब ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना हो जाएगा आसान
Published on:
25 Apr 2026 12:07 pm
Also Read
View All