अजमेर

RPSC Exam: राजस्थानी शिक्षक भर्ती में 70 फीसदी अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा, महज 325 लोग हुए शामिल

राजस्थानी भाषा को लेकर RPSC की प्राध्यापक भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों की रुचि बेहद कम नजर आई। छह पदों के लिए आयोजित परीक्षा में करीब 70 फीसदी उम्मीदवार अनुपस्थित रहे और केवल 325 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे। यह स्थिति राजस्थानी भाषा शिक्षा और रोजगार के अवसरों को लेकर कई सवाल खड़े कर रही है।

2 min read
Jun 09, 2026
RPSC Exam
राजस्थान लोक सेवा आयोग परीक्षा (फाइल फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग की प्रदेश में प्राध्यापक, प्राध्यापक कृषि एवं कोच (माध्यमिक शिक्षा विभाग) परीक्षा-2025 जारी है। इसके तहत मंगलवार को ग्रुप बी के तहत राजस्थानी विषय (भाषा) का पेपर हुआ। परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को ग्रुप-बी के तहत सुबह 9 से 12 बजे तक राजस्थानी विषय का पेपर हुआ। इसमें पंजीकृत 1078 अभ्यर्थियों में से 325 उपस्थित और 751 अनुपस्थित रहे। कुल उपस्थिति 30.25 प्रतिशत रही।

प्राध्यापक भर्ती में राजस्थानी भाषा के मात्र छह पद हैं। पिछली 12 मई को सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को सभी सरकारी और निजी स्कूलों में राजस्थानी भाषा को एक विषय के रूप में शामिल करने के लिए व्यापक नीति बनाने के निर्देश दिए हैं। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने कहा कि राजस्थानी भाषा को विश्वविद्यालयों में पढ़ाया जा रहा है, तो स्कूली स्तर पर इसे लागू करने में देरी क्यों की गई है। इधर आरपीएससी की प्राध्यापक भर्ती में राजस्थानी भाषा के मात्र 6 पद हैं। इसके विपरीत हिंदी में 710, अंग्रेजी में 307, संस्कृत में 70 और उर्दू में 140 पद हैं।

कल इन विषयों की होगी परीक्षा

ग्रुप सी के तहत बुधवार को सुबह 10 से 11 बजे तक जनरल स्टडीज कोच (प्रथम पेपर) की परीक्षा होगी। इसके बाद दोपहर 2.30 से शाम 5.30 बजे तक कोच एथेलेटिक्स, बास्केबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल (पेपर द्वितीय) का आयोजन होगा।

यह वीडियो भी देखें :

वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी भर्ती परीक्षा 13 से 17 अक्टूबर तक

राजस्थान लोक सेवा आयोग के तहत वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी प्रतियोगी परीक्षा-2026 का आयोजन 13 से 17 अक्टूबर तक होगा। परीक्षा कम्पयूटर बेस्ड रिक्रूटमेंट टेस्ट (सीबीआरटी) से ऑनलाइन होगी।

सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि गृह विभाग के तहत राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला के पदों पर भर्ती के लिए आयोग ने अधिसूचना जारी की है। इसके तहत टॉक्सिकोलॉजी, फिजिक्स और बैलिस्टिक्स डिवीजन के 3 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

11 जून से 10 जुलाई तक होंगे आवेदन

अभ्यर्थी 11 जून से 10 जुलाई की रात्रि 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। कोई अभ्यर्थी एक से अधिक पद के लिए आवेदन करना चाहता है, तो उसे प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

Published on:
09 Jun 2026 07:10 pm