अम्बेडकर नगर

‘जैसे टूटी शिवसेना-TMC, वैसे ही खत्म होगी समाजवादी पार्टी’, मंत्री ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश पर बड़ा हमला

UP Politics: मंत्री ओम प्रकाश राजभर का बड़ा दावा- शिवसेना और TMC की तरह ही टूटेगी समाजवादी पार्टी (SP)। समाजवादी पार्टी को सबसे बड़ी धोखेबाज पार्टी भी कह ड़ाला। जानें पूरी खबर...

2 min read
Up Politics
सपा को लेकर ओपी राजभर का चौंकाने वाला दावा | फोटो सोर्स- patrika.com

OP Rajbhar Attack on SP: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार सियासी घमासान मच गया हैं। अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाने वाले योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) और अखिलेश यादव पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। अंबेडकर नगर पहुंचे राजभर ने दावा किया कि बहुत जल्द समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होने वाली है। उन्होंने सपा को सबसे बड़ी धोखेबाज पार्टी भी कह दिया है।

'सपा का भी होगा शिवसेना जैसा हाल'

मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने देश की राजनीति का उदाहरण देते हुए कहा कि राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं है। उन्होंने कहा, "आप बस चुपचाप खेल देखते रहिए। क्या किसी ने कभी सोचा था कि ममता बनर्जी की TMC टूट जाएगी? क्या किसी ने सोचा था कि महाराष्ट्र में इतनी मजबूत शिवसेना अलग हो जाएगी? किसी ने नहीं सोचा था, लेकिन यह सच हुआ। ठीक इसी तरह यूपी में समाजवादी पार्टी भी बहुत जल्द टूटने वाली है, बस आप लोग इंतजार करिए।

'सपा से ज्यादा धोखेबाज कोई पार्टी नहीं'

गठबंधन के पुराने दिनों को याद करते हुए राजभर ने अखिलेश यादव की रणनीति पर बहुत कुछ कहा। उन्होंने कहा कि अगर मैं सच कहूं, तो समाजवादी पार्टी से ज्यादा धोखेबाज कोई पार्टी नहीं है। जब मैं उनके साथ था, तब उन्होंने मुझसे चालाकी की। उन्होंने कहा था कि उम्मीदवार उनके रहेंगे, लेकिन वे चुनाव मेरे चुनाव चिह्न पर लड़ेंगे। उनकी असली प्लानिंग यह थी कि जैसे ही सरकार बनेगी, वे मेरे सारे विधायकों को अपने पाले में कर लेंगे। यह उनकी सोची-समझी साजिश थी।

सपा सांसद लालजी वर्मा को बताया 'दलबदलू'

सपा सांसद लालजी वर्मा पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि वह केवल फायदा देखकर दल बदलने वाले नेता हैं। राजभर ने कहा कि जब तक मायावती जी के पास पावर थी, वह उनके साथ रहे। आज वह सपा में हैं और मैं गारंटी देता हूं कि अगर कल को उन्हें मौका मिला, तो वह तुरंत बीजेपी में शामिल हो जाएंगे।

राम मंदिर के बहाने घेरा

अयोध्या में राम मंदिर के मुद्दे पर अखिलेश यादव को घेरते हुए राजभर ने कहा कि भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है, लेकिन अखिलेश यादव आज तक वहां दर्शन करने नहीं गए। यह एक ऐसा सच है जिसे पूरी जनता जानती है। उन्होंने आगे कहा कि अखिलेश को यह समझना चाहिए कि मंदिर पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है, बल्कि उसका पूरा प्रबंधन एक ट्रस्ट के हाथों में है और वही उसका मालिक है।

Updated on:
20 Jun 2026 01:47 pm
Published on:
20 Jun 2026 01:25 pm