अंबिकापुर

Jaundice Outbreak in Mainpat: मैनपाट में पीलिया का कहर, उप सरपंच और 9वीं के छात्र समेत 4 लोगों की मौत! मचा हडक़ंप

Jaundice Outbreak in Mainpat: नर्मदापुर, कुनिया व आसपास के गांवों में फैला है पीलिया, कई मरीज अस्पतालों में भर्ती, प्रभावित गांवों में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम, कैंप लगाकर किया जा रहा इलाज

3 min read
jaundice Outbreak in Mainpat
Jaundice patient (Photo- Patrika)

अंबिकापुर। जिले के मैनपाट के विभिन्न क्षेत्रों में पीलिया (Jaundice Outbreak in Mainpat) फैला हुआ है। एक माह के भीतर पीलिया से उपसरपंच समेत 4 लोगों की मौत की भी बात सामने आ रही है। इसमें एक छात्र व 2 महिला भी शामिल हैं। जबकि अभी भी एक दर्जन से अधिक लोग पीडि़त हैं। कुछ लोगों का इलाज अंबिकापुर के निजी अस्पतालों में तथा कई का स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। पीलिया फैलने से प्रभावित गांवों में दहशत का मौहाल है। पीलिया क्यों फैला? इसका मुख्य कारण अब तक पता नहीं चल पाया है। इसकी जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित गांव में कैंप लगाया। यहां पीडि़तों की जांच व इलाज जारी है।

भीषण गर्मी व बेमौसम बारिश का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पडऩा शुरु हो गया है। मैनपाट के नर्मदापुर, कुनिया सहित आसपास के कई गावों में पिछले एक माह से पीलिया (Jaundice) फैला हुआ है। शुरूआत में लोग सर्दी-खांसी, उल्टी सहित अन्य परेशानी का इलाज स्थानीय स्तर पर करा रहे थे।

इसके बावजूद कुछ लोगों के स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर व रायपुर गए। यहां जांच में पीलिया की पुष्टि हुई है। पीलिया से कुनिया के पूर्व उप सरपंच जितेंद्र यादव, नर्मदापुर निवासी भाग्यवती यादव, बैगहवा गांव की एक युवती तथा बरिमा निवासी कक्षा 9वीं कक्षा के छात्र विकास यादव की पीलिया से मौत होने की बात उनके परिजन व स्थानीय लोगों द्वारा कही जा रही है।

Jaundice patient in hospital (Photo- Patrika)

हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने इन लोगों की पीलिया से मौत (Death from Jaundice) होने की पुष्टि नहीं की है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यह अब जांच के बाद भी पता चल पाएगा की जिनकी मौत हुई है, उनका मुख्य कारण क्या है।

Jaundice Outbreak in Mainpat: 1 माह से फैला है पीलिया

कुछ मरीजों का इलाज अंबिकापुर के निजी अस्पतालों तथा रायपुर के अस्पतालों में चल रहा है। पीडि़त मरीज उदय भान यादव अंबिकापुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती है। उसका कहना है कि 1 सप्ताह से पीलिया से पीडि़त हूं। गांव में एक माह से पीलिया फैला हुआ है। मैनपाट के 5 लोगों की मौत रायपुर (Death in Raipur hospital) में हो चुकी है। गांव में बहुत ज्यादा प्रभावित हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक कैंप नहीं लगाया गया है।

स्वास्थ्य विभाग एक माह तक बेपरवाह

स्थानीय लोगों का कहना है कि पीलिया लगभग एक माह से गांव में पैला हुआ है। शुरूआत में लोग स्थानीय स्तर पर इलाज करा रहे थे। पीलिया फैलने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को एक माह बाद चल रही है। इस बीच पीलिया से कई लोग पीडि़त हो चुके हैं। एक माह तक स्वास्थ्य विभाग बेपरवाह रहा।

प्रभावित गांवों में हेल्थ कैंप

स्वास्थ्य सेवाएं, सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला (Health Joint director) ने मैनपाट क्षेत्र में पीलिया फैलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट किया है। प्रभावित गांवों में कैंप लगाए गए हैं। टीम द्वारा मरीजों की जांच, उपचार तथा बीमारी के कारणों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

‘कराई जा रही पानी की जांच’

स्वास्थ्य सेवाएं, सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक का कहना है कि पीलिया फैलने के मुख्य कारण का पता लगाया जा रहा है। पानी की भी जांच (Water testing) कराई जा रही है। फिलहाल लोगों को साफ-सफाई रखने, पानी उबाल कर पीने व गर्म भोजन करने की समझाइश दी गई है।

Published on:
05 Jun 2026 07:31 pm