अमृतसर

पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन ड्रग नेटवर्क ध्वस्त, 8.536 किलो हेरोइन और आठ पिस्तौल बरामद

Amritsar Drug Network: अमृतसर में पंजाब पुलिस ने नशे और अवैध हथियार तस्करी से जुड़े तीन नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में दो भाइयों समेत नौ आरोपी गिरफ्तार हुए हैं और हेरोइन, पिस्तौल व ड्रग मनी बरामद हुई है।
2 min read
Aug 19, 2026
punjab police
मामले की जानकारी देते अधिकारी। फोटो- (x- @cpamritsar)

अमृतसर। पंजाब पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन प्रमुख ड्रग एवं अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से आठ अवैध पिस्तौल, 8.536 किलोग्राम हेरोइन और 12.95 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि यह कार्रवाई मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है।

विदेश में बैठे हैंडलरों से संपर्क

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। उनसे अवैध हथियार और हेरोइन की खेप हासिल कर आगे आपराधिक तत्वों को सप्लाई करते थे। यादव ने कहा कि मामले के सभी नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है। इसका उद्देश्य नशे और अवैध हथियारों की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दर्शन सिंह उर्फ चन्ना (25), सतनाम सिंह (46), महाबीर सिंह (34), लवप्रीत सिंह उर्फ फूला उर्फ लव (24), हरमन सिंह उर्फ हम्मा (23), नरिंदर सिंह उर्फ रोबा (26), करण सिंह उर्फ करण (22), गुरजंत सिंह उर्फ घुधा (24) और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (21) के रूप में हुई है। इनमें दर्शन सिंह अमृतसर के जंड पीर कॉलोनी में रह रहा था, जबकि अन्य आरोपी अमृतसर और तरनतारन के विभिन्न गांवों एवं इलाकों के निवासी हैं।

ये हथियार मिले

बरामद हथियारों में तीन .30 बोर पिस्तौल, चार 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल और एक .32 बोर पिस्तौल शामिल हैं। इनके साथ चार कारतूस भी बरामद किए गए हैं। अमृतसर के पुलिस आयुक्त हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पहले अभियान में विशेष सूचना के आधार पर पुलिस ने दर्शन सिंह उर्फ चन्ना और सतनाम सिंह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध पिस्तौल बरामद कीं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके दो सहयोगियों महाबीर सिंह और लवप्रीत सिंह उर्फ लव को भी गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से चार अवैध पिस्तौल बरामद हुईं।

मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की

पुलिस के अनुसार चारों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वाणिज्यिक मात्रा में हेरोइन से संबंधित एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी के मामले शामिल हैं। दूसरे अभियान में पुलिस टीम ने हरमन सिंह उर्फ हम्मा, नरिंदर सिंह उर्फ रोबा और करण सिंह को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 3.5 किलोग्राम हेरोइन, एक पिस्तौल, चार कारतूस और 12.10 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की गई। आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।

दो सगे भाई गिरफ्तार

तीसरी कार्रवाई में पुलिस ने गुरजंत सिंह उर्फ घुधा और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी को गिरफ्तार किया। दोनों सगे भाई हैं। उनके कब्जे से 5.01 किलोग्राम हेरोइन, एक पिस्तौल और 85 हजार रुपए की ड्रग मनी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार दोनों कथित तौर पर हेरोइन की अवैध तस्करी में शामिल थे। पुलिस ने इस कार्रवाई के संबंध में तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने कहा कि मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों के विदेशी हैंडलरों तथा उनके आगे-पीछे के आपराधिक नेटवर्क से जुड़े संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।

Updated on:
19 Aug 2026 07:43 pm
Published on:
19 Aug 2026 07:43 pm