
वियतनाम। लाओस में मंगलवार को एक निर्माणाधीन पनबिजली बांध ढहने के बाद बचाव दल उसमें बचने वालों की तलाश कर रहा है। इस दुर्घटना में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई थी और तीन हजार से ज्यादा लोगों को अभी भी बचाना है। एक विदेशी समाचार एजेंसी के अनुसार, सोमवार शाम जी-पेन जी-नमॉय पनबिजली परियोजना के टूटने के बाद दक्षिणी प्रांत अत्तपेऊ में कम से कम सात गांव पूरी तरह डूब गए हैं।
पेड़ों और छतों पर फंसे हैं लोग
सनमजे जिला के गवर्नर बॉनहोम फोमासेन ने कहा कि लगभग तीन हजार लोगों को बचाया जा चुका है और अभी भी तीन हजार से ज्यादा लोगों को अभी बचाया जाना है। कई लोग पेड़ों और इमारतों की छतों पर फंसे हैं। उन्होंने कहा कि सात घर और आवास पूरी तरह डूब गए हैं और लगभग आधे से भी ज्यादा लोगों को अभी भी बचाना है।
लापता लोगों की संख्या तय नहीं
इन गांवों में छह हजार से भी ज्यादा लोग रहते हैं। राज्य सरकार के सरकारी पत्रों के अनुसार, दूर-दराज के क्षेत्रों में लापता लोगों की संख्या अभी निश्चित नहीं है। लाओस के मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ तेज से हल्की बारिश की संभावना जताई है।
2019 में पूरी होनी थी परियोजना
लाओस के प्रधानमंत्री थोंगलोन सिसोलिथ ने क्षेत्र का दौरा कर बचाव और पीड़ितों की सहायता के अभियानों का जायजा लिया। यह बांध देश भर में मेकोंग नदी का उपयोग करने की राष्ट्रीय योजना का हिस्सा था। इसके तहत लाओस को दक्षिण-पूर्व एशिया का विद्युत स्रोत बनाना था। इस परियोजना को 2019 में पूरा करने की योजना थी।